
अगर आपका फोन गिर गया है, उसमें पानी चला गया है या वह बार-बार गर्म हो रहा है, तो अंदर के पार्ट्स प्रभावित हो सकते हैं. ज्यादा गर्म होने पर कई फोन अपने आप बंद होकर दोबारा चालू हो जाते हैं जिससे अंदर के पार्ट्स को नुकसान न पहुंचे. इसके अलावा पुरानी या खराब बैटरी, चार्जिंग पोर्ट में धूल-मिट्टी या पावर बटन में फंसी गंदगी भी बार-बार रीस्टार्ट होने की वजह बन सकती है. कई बार फोन कवर या अन्य एक्सेसरी पावर बटन पर दबाव डालती हैं, जिससे भी यह समस्या हो सकती है.

फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम या इंस्टॉल किए गए ऐप्स सही तरह से काम नहीं कर रहे हों, तब भी फोन अपने आप रीस्टार्ट हो सकता है. पुराने सॉफ्टवेयर, सिस्टम फाइल्स में गड़बड़ी, ऐप्स के बीच टकराव या किसी ऐप में मौजूद बग इसकी वजह बन सकते हैं. अगर फोन की स्टोरेज लगभग भर चुकी है, तब भी सिस्टम पर दबाव बढ़ जाता है और फोन स्लो होने के साथ रीस्टार्ट होने लगता है.

अगर फोन की हालत ठीक है, सॉफ्टवेयर भी अपडेट है, फिर भी फोन बार-बार रीस्टार्ट हो रहा है, तो इसकी वजह मालवेयर या वायरस भी हो सकता है. ऐसे नुकसान पहुंचाने वाले प्रोग्राम फोन के सिस्टम पर असर डालते हैं और उसके नॉर्मल काम करने के सिस्टम को बिगाड़ सकते हैं. इससे बार-बार रीस्टार्ट होने के अलावा फोन की स्पीड, डेटा और सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है.

फोन में नई सॉफ्टवेयर अपडेट उपलब्ध हो तो उसे तुरंत इंस्टॉल करें. इसके साथ ही सभी ऐप्स को भी अपडेट रखें. अगर स्टोरेज लगभग भर चुकी है, तो गैरजरूरी फोटो, वीडियो, ऐप्स और अन्य फाइलें हटाकर जगह खाली करें. इससे कई बार फोन की रीस्टार्ट होने वाली समस्या अपने आप ठीक हो जाती है.

फोन को बंद करके चार्जिंग पोर्ट और पावर बटन के आसपास जमी धूल या गंदगी को सावधानी से साफ करें. साथ ही कुछ समय के लिए फोन कवर, स्टैंड या अन्य एक्सेसरी हटाकर इस्तेमाल करें. अगर किसी एक्सेसरी की वजह से पावर बटन दब रहा होगा, तो समस्या खत्म हो सकती है. एंड्रॉयड यूजर्स चाहें तो Safe Mode में फोन चलाकर भी यह जांच सकते हैं कि समस्या किसी थर्ड पार्टी ऐप की वजह से तो नहीं हो रही.

अगर सभी उपाय करने के बाद भी फोन बार-बार रीस्टार्ट हो रहा है, तो बैटरी की जांच करवाना जरूरी हो सकता है, खासकर अगर फोन पुराना है. जरूरत पड़ने पर फोन को फैक्ट्री रीसेट भी किया जा सकता है, लेकिन उससे पहले अपने जरूरी डेटा का बैकअप जरूर लें. अगर इसके बाद भी दिक्कत दूर न हो, तो फोन को सर्विस सेंटर या तकनीकी विशेषज्ञ को दिखाना सबसे सही ऑप्शन है.
Published at : 12 Jul 2026 05:55 PM (IST)