OnePlus जल्द ही अपनी नई स्मार्टवॉच OnePlus Watch 4 लॉन्च कर सकती है. लॉन्च से पहले यह डिवाइस गूगल प्ले कंसोल और EEC (Eurasian Economic Commission) जैसी सर्टिफिकेशन वेबसाइट्स पर दिखाई दी है, जिससे इसके जल्द आने के संकेत मिल रहे हैं. हालांकि कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन लगातार सामने आ रही लीक रिपोर्ट्स ने इसकी चर्चा तेज कर दी है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वनप्लस वॉच 4 संभवतः ओप्पो वॉच X3 का रीब्रांडेड वर्जन हो सकती है. गूगल प्ले कंसोल लिस्टिंग में इसका मॉडल नंबर OPWWE261 बताया गया है. इसमें Qualcomm का Snapdragon W5 चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जो 2GB RAM के साथ आएगा. ये प्रोसेसर स्मार्टवॉच के लिए बेहतर परफॉर्मेंस और स्मूद एक्सपीरिएंस देने के लिए जाना जाता है.
डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 466 x 466 पिक्सल रेजोलूशन वाला डिस्प्ले दिया जा सकता है, जो लगभग 1.5 इंच का पैनल हो सकता है. ये वही डिस्प्ले साइज है जो ओप्पो वॉच X3 में भी देखने को मिला था. डिजाइन की बात करें तो लीक इमेज में इसका सिल्वर वेरिएंट ग्रीन स्ट्रैप के साथ देखा गया है, जो काफी प्रीमियम लुक देता है.
बैटरी है काफी दमदार
वनप्लस वॉच 4 में WearOS 5.0 मिलने की संभावना है, जिससे यूज़र्स को लेटेस्ट स्मार्ट फीचर्स और बेहतर ऐप सपोर्ट मिलेगा. बैटरी की बात करें तो इसमें 646mAh की बैटरी दी जा सकती है, जो लंबे समय तक बैकअप देने में सक्षम होगी. साथ ही इसमें 10W चार्जिंग सपोर्ट भी मिल सकता है, जो ओप्पो वॉच X3 के मुकाबले करीब 33% तेज बताया जा रहा है.
हेल्थ फीचर्स की बात करें तो इसमें ECG, हार्ट रेट मॉनिटरिंग, रिस्ट टेम्परेचर ट्रैकिंग और eSIM सपोर्ट जैसे प्रीमियम फीचर्स मिल सकते हैं.
इसके अलावा 5ATM और IP68/IP69 रेटिंग के साथ यह पानी और धूल से भी सुरक्षित रह सकती है. लीक के मुताबिक ये Evergreen Titanium और Black कलर ऑप्शन में आ सकती है.
फिलहाल इसकी कीमत का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन अगर यह ओप्पो वॉच X3 पर बेस्ड है, तो इसकी कीमत प्रीमियम सेगमेंट में हो सकती है. अब देखना होगा कि वनप्लस इसे भारत में लॉन्च करता है या नहीं, क्योंकि पिछली वनप्लस वॉच 3 भारत में लॉन्च नहीं हुई थी.