Grok Imagine Image 2.0 : AI की दुनिया में फोटो बनाने और उन्हें एडिट करने का तरीका तेजी से बदल रहा है. अब सिर्फ फोटो जनरेट करना ही काफी नहीं माना जा रहा, बल्कि यूजर्स को फोटो के छोटे-से-छोटे हिस्से पर भी अपनी पसंद के मुताबिक बदलाव करने की सुविधा चाहिए. इसी दिशा में एलन मस्क की AI कंपनी xAI ने अपना नया इमेज मॉडल Grok Imagine Image 2.0 लॉन्च किया है. कंपनी का कहना है कि यह मॉडल खास तौर पर सटीक फोटो एडिटिंग, बेहतर टेक्स्ट रेंडरिंग और असली दुनिया के कामों के लिए यूजफुल इमेज तैयार करने पर फोकस करता है.
फोटो के खास हिस्से को बदलना होगा आसान
Grok Image 2.0 की सबसे खास बात इसका टारगेटेड एडिटिंग फीचर है. इसके जरिए यूजर्स को पूरी फोटो दोबारा बनाने की जरूरत नहीं होगी. फोटो के जिस खास हिस्से में बदलाव करना है, उसे चुनकर सिर्फ उसी हिस्से को एडिट किया जा सकता है.
इसके लिए इसमें Magic Wand टूल दिया गया है. यूजर फोटो के किसी हिस्से को चुनकर उसमें अपनी जरूरत के हिसाब से बदलाव कर सकता है. इसके अलावा मॉडल में बैकग्राउंड रिमूवल और बेहतर सेगमेंटेशन जैसे फीचर्स भी शामिल हैं. ये टूल प्रोडक्ट फोटोग्राफी, सोशल मीडिया कंटेंट और मार्केटिंग कैंपेन जैसे कामों में यूजफुल हो सकते हैं.
एक साथ 5 फोटो का कर सकेंगे यूज
Image 2.0 में मल्टी-रेफरेंस सपोर्ट भी दिया गया है. इसका मतलब है कि यूजर्स एक साथ पांच अलग-अलग रेफरेंस इमेज इनपुट के तौर पर यूज कर सकते हैं. इन फोटो के अलग-अलग एलिमेंट्स को मिलाकर नई फोटो या एडिट तैयार किया जा सकता है. इस फीचर की मदद से किसी खास कैरेक्टर, स्टाइल या प्रोडक्ट के लुक को अलग-अलग फोटो में एक जैसा रखना आसान हो सकता है. इसके अलावा इसमें Smart Resize फीचर भी दिया गया है, जो एक फोटो को नौ अलग-अलग आस्पेक्ट रेशियो में बदल सकता है. इससे वेबसाइट, विज्ञापन और सोशल मीडिया के लिए एक ही फोटो को अलग-अलग साइज में तैयार किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें – ChatGPT या Claude? दोनों में क्या है फर्क, जानें किसे इस्तेमाल करना आसान
Grok Image 2.0 की रैंकिंग कितनी है?
कंपनी के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 तक के Arena लीडरबोर्ड डेटा में Grok Imagine Image 2.0 ने टेक्स्ट-टू-इमेज और इमेज एडिटिंग दोनों कैटेगरी में दुनिया में दूसरा नंबर हासिल किया है. इमेज एडिटिंग Arena में इसे 1,439 Elo पॉइंट्स मिले हैं, जबकि पहले नंबर पर मौजूद OpenAI के GPT Image 2 को 1,463 पॉइंट्स मिले. वहीं टेक्स्ट-टू-इमेज कैटेगरी में Grok को 1,320 और GPT Image 2 को 1,380 Elo पॉइंट्स मिले हैं.
कहां यूज कर सकते हैं?
Grok Imagine Image 2.0 फिलहाल Grok के वेब वर्जन grok.com/imagine के साथ-साथ iOS और Android ऐप्स में Quality Mode के तौर पर उपलब्ध है, हालांकि डेवलपर्स के लिए इसकी API एक्सेस अभी उपलब्ध नहीं है और इसके जल्द आने की जानकारी दी गई है, लेकिन इसकी कोई तय तारीख नहीं बताई गई है.
यह भी पढ़ें – YouTube से पैसा कमाना हुआ मुश्किल! नए Creators के लिए बदल गए नियम