स्मार्टफोन को न लाएं पास
कई लोग खाना बनाते समय फिल्में या रेसिपी देखने के लिए फोन को इंडक्शन चूल्हे के पास रख लेते हैं. आप ऐसी गलती करने से बचें. दरअसल, फोन के अंदर कई सेंसर और दूसरे नाजुक पार्ट्स लगे होते हैं, जिनमें चूल्हे के इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड से दिक्कत आ सकती है. कई मामलों में तो फोन का मदरबोर्ड भी खराब हो सकता है. ऐसे में आपको बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है.
स्मार्टवॉच को भी रखें दूर
अगर आप इंडक्शन चूल्हे पर खाना बना रहे हैं तो अपनी स्मार्टवॉच को हाथ से निकाल दें. फोन की तरह स्मार्टवॉच के सेंसर और दूसरे कंपोनेंट इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड से खराब हो सकते हैं.
पावर बैंक को भी हो सकता है नुकसान
अगर आपका फोन डेड है तो इसे इंडक्शन चूल्हे के पास पावर बैंक से चार्ज न करें. बाकी गैजेट की तरह पावर बैंक के सर्किट में भी इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड से खराबी आ सकती है. अगर आपके पास वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट वाला पावर बैंक है तो यह डर और बढ़ जाता है. फोन की तरह इस गैजेट को भी इंडक्शन चूल्हे से पर्याप्त दूरी पर रखें.
ईयरबड्स को भी खतरा
कई लोग म्यूजिक या पॉडकास्ट सुनते हुए खाना बनाते हैं. अगर आपको भी यह आदत है तो इंडक्शन चूल्हे के पास वायरलेस ईयरबड्स यूज न करें. बाकी गैजेट की तरह ईयरबड्स के इंटरनल पार्ट्स को इंडक्शन चूल्हे से खतरा हो सकता है.
क्रेडिट कार्ड्स को भी खराब कर सकता है इंडक्शन चूल्हा
यह सुनने में भले ही अजीब लग सकता है, लेकिन इंडक्शन चूल्हे से क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड को भी खतरा है. दरअसल, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड पर मैग्नेटिक स्ट्रिप लगी होती है. अगर यह इंडक्शन चूल्हे के इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड के संपर्क में आती है तो इसमें गड़बड़ हो सकती है. इसके बाद हो सकता है कि आपके कार्ड्स ठीक तरीके से काम न करें.