
सोलर पैनल की समय-समय पर सफाई बहुत जरूरी है. ऐसा न करने से इन पर धूल-मिट्टी और दूसरी गंदगी जमा हो जाती है. इससे सनलाइन ब्लॉक हो जाती है और सोलर पैनल अपनी कैपेसिटी के हिसाब से बिजली जनरेट नहीं कर पाते. खुली जगह पर इंस्टॉल होने के कारण धूल-मिट्टी जमने की समस्या बहुत आम होती है. अगर आपके इलाके में धूल-मिट्टी ज्यादा है या कंस्ट्रक्शन आदि का कोई काम चल रहा है तो यह दिक्कत और बढ़ जाती है.

दूर से देखने पर हो सकता है कि आपको धूल-मिट्टी की परत नजर न आए, लेकिन ये पैनल के लिए खतरनाक साबित हो सकती है. यह एफिशिएंसी पर काफी असर डालती है. पैनल पर जितनी धूल-मिट्टी जमती जाएगी, एफिशिएंसी उतनी ही कम होती जाएगी. धूल-मिट्टी की यह परत न सिर्फ एफिशिएंसी कम करती है, बल्कि इससे सोलर पैनल की लाइफ पर भी असर पड़ता है. इसलिए सफाई बहुत जरूरी है.

अगर डेटा की बात करें तो अलग-अलग स्टडी में सामने आया है कि पैनल पर जमी धूल-मिट्टी एफिशिएंसी को 10-40 प्रतिशत तक कम कर सकती है. MIT रिसर्चर के एक टेस्ट में पता चला कि अगर सोलर पैनल को एक महीने तक बिल्कुल भी साफ न किया जाए तो इसका एनर्जी आउटपुट 30 प्रतिशत तक कम हो सकता है. उदाहरण के लिए जो पैनल एकदम साफ होने पर दिन में 10 यूनिट जनरेट कर सकते थे, वो एक महीने तक सफाई न होने पर सिर्फ 7 यूनिट ही जनरेट कर पाएंगे.

भारत में हुई रिसर्च बताती है कि एनर्जी एफिशिएंसी कितनी कम होगी, यह सोलर पैनल के टाइप पर भी निर्भर करती है. अगर polycrystalline पैनल की बात करें तो धूल-मिट्टी की परत एफिशिएंसी को 30 प्रतिशत तक कम कर सकती है. इसकी तुलना में monocrystalline पैनल की एफिशिएंसी 14 प्रतिशत कम होती है. फिर भी यह दिखाता है कि धूल-मिट्टी हर प्रकार के पैनल की एफिशिएंसी को कम कर सकती है.

अगर एक महीने तक पैनल साफ न करने पर एनर्जी आउटपुट 30 प्रतिशत तक कम हो सकता है तो यह सवाल भी उठ सकता है कि लंबे समय तक सफाई न करना कितना खतरनाक हो सकता है? कई टेस्ट में यह पता चला है कि छह महीने तक सफाई न करने से सोलर पैनल की एफिशिएंसी 65 प्रतिशत तक कम हो सकती है. भले ही आपके पास ऑफ-ग्रिड सिस्टम है या ऑन ग्रिड, 65 प्रतिशत तक की गिरावट बहुत होती है.

अगर आप चाहते हैं कि सोलर पैनल की एफिशिएंसी बनी रहे और एनर्जी आउटपुट कम न हो तो इनकी रेगुलर सफाई करना जरूरी है. आप महीने में 1 बार पैनल साफ कर सकते हैं. अगर आपके इलाके में धूल-मिट्टी ज्यादा उड़ती है तो महीने में दो बार सफाई कर लें. आप खुद से या किसी प्रोफेशनल की मदद लेकर पैनल की सफाई कर सकते हैं.

सोलर पैनल की सफाई शुरू करने से पहले पूरे सिस्टम को बंद कर दें. इसके बाद साफ पानी और मुलायम कपड़े की मदद से पैनल को बिना दबाव दिए साफ करें. भार डालने से पैनल डैमेज हो सकता है. साथ ही सफाई के लिए सुबह का समय चुनें, जब पैनल गर्म नहीं होते. पैनल साफ करने के लिए किसी नुकीली और खुरदरी चीज का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.
Published at : 29 Jul 2026 01:35 PM (IST)