WhatsApp अपने यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत करने के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी एक नया ‘After Reading’ फीचर पर काम कर रही है, जिसमें मैसेज पढ़ते ही अपने आप डिलीट हो जाएंगे. अभी तक वॉट्सऐप में डिसअपियरिंग मैसेज (disappearing messages) का ऑप्शन मिलता है, जिसमें यूजर्स 24 घंटे, 7 दिन या 90 दिन का टाइमर सेट कर सकते हैं. लेकिन नया ‘After Reading’ फीचर इससे एक कदम आगे है. इसमें मैसेज पढ़ने के बाद सिर्फ 15 मिनट के अंदर दोनों यूजर्स के चैट से अपने आप गायब हो जाएगा.
अगर मैसेज पढ़ा नहीं जाता है, तो वह करीब 24 घंटे तक चैट में रहेगा और उसके बाद अपने आप डिलीट हो जाएगा. खास बात यह है कि यह फीचर तब भी काम करेगा जब read receipts (blue tick) बंद होंगे.
यह फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जो अक्सर OTP, वेरिफिकेशन कोड या दूसरी निजी जानकारी शेयर करते हैं. इससे संवेदनशील जानकारी लंबे समय तक चैट में सेव नहीं रहेगी और प्राइवेसी बेहतर बनी रहेगी.
ये फीचर अभी वॉट्सऐप के एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.12.2 में देखा गया है, लेकिन फिलहाल सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है. कंपनी इसे अभी टेस्ट कर रही है और आने वाले समय में इसे सभी के लिए जारी किया जा सकता है.
‘After Reading’ फीचर, वॉट्सऐप का मौजूदा View Once फीचर का अपग्रेड माना जा रहा है, जिसमें फोटो, वीडियो या वॉयस नोट्स सिर्फ एक बार ही देखे जा सकते हैं.
वॉट्सऐप का यह नया फीचर यूजर्स को ज्यादा सुरक्षित और प्राइवेट चैटिंग अनुभव देने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है.