ऊंचाहार , रायबरेली। जगतपुर कस्बा स्थित गंगा एक्सप्रेस वे पर मवेशी से टकराकर एक कार पलट गई। हादसे में कार सवार मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। उन्हें जगतपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पश्चिम बंगाल कोलकाता निवासी मनोज मिश्र अपनी माता मीरा मिश्रा, प्रियंका मिश्रा, बिट्टू मिश्रा व अंकित मिश्र के साथ कार से मथुरा वृंदावन दर्शन करने गए थे। वृंदावन दर्शन के बाद बुधवार की तड़के सभी लोग कार से वाराणसी जा लौट रहे थे। जगतपुर कस्बा स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार अचानक सामने आए बेसहारा मवेशी से टकरा गई।
एक्सप्रेस-वे की एंबुलेंस से जगतपुर सीएचसी पहुंचाया
टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलट गई। टक्कर की तेज आवाज व घायलों की चीख पुकार सुन आस पास के लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और एक्सप्रेस-वे की एंबुलेंस से जगतपुर सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी अधीक्षक डा एलपी सोनकर का कहना है कि घायलों की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। जगतपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेस से हटा दिया गया है। यातायात संबंधी कोई समस्या नहीं है।
कुछ ही घंटे में दूसरा बड़ा हादसा
गंगा एक्सप्रेस वे पर कुछ ही घंटों के अंतराल में ये दूसरी घटना हुई। महज चंद घंटे पहले एक्सप्रेसवे पर ही सलोन के मिरजहापुर में एक स्कार्पियों अचानक आई ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई थी। हादसे में स्कार्पियों सवार जौनपुर निवासी एक ही परिवार की बालिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इससे पूर्व मई के पहले सप्ताह में सलोन क्षेत्र में ही एक्सप्रेस वे पर एक तेज रफ्तार पिकअप आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई थी, इस घटना में भी दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इसके अतिरिक्त आए दिन एक्सप्रेसवे पर कोई न कोई हादसा होता रहता है।