WhatsApp New Update: Chats Tab में Status Feature, बड़ा बदलाव

WhatsApp एक बड़े डिजाइन बदलाव पर काम कर रहा है, जो यूज़र्स के स्टेटस देखने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी स्टेटस अपडेट्स को सीधे Chats Tab में इंटीग्रेट करने की तैयारी कर रही है. यह जानकारी WABetaInfo की रिपोर्ट से सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और इसका मकसद स्टेटस को ज्यादा तेज़ और आसान तरीके से एक्सेस करना है.

नए अपडेट के तहत वॉट्सऐप, Chats Tab के ऊपर एक डेडिकेटेड स्टेटस रो जोड़ सकता है. यूज़र्स को स्टेटस देखने के लिए अब अलग से Updates टैब में जाने की जरूरत नहीं होगी. बस चैट लिस्ट को नीचे खींचते ही (pull down) हाल ही में शेयर किए गए स्टेटस दिखाई दे सकते हैं.

ज्यादा तेज़ और आसान एक्सपीरिएंस
इस बदलाव का मेन मकसद यूज़र एक्सपीरिएंस को बेहतर बनाना है. वॉट्सऐप चाहता है कि यूज़र्स बिना टैब बदले ही स्टेटस चेक कर सकें, जिससे ऐप का इस्तेमाल और ज्यादा स्मूद हो जाए.

Navigation Bar में भी बदलाव
रिपोर्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप एक स्टेटस ट्रे भी ला सकता है, जो नेविगेशन बार में दिखाई देगी. इसमें उन लोगों के स्टेटस प्राथमिकता से दिख सकते हैं, जिनसे आप सबसे ज्यादा बातचीत करते हैं. वहीं, म्यूट या छिपाए गए स्टेटस को अलग सेक्शन में रखा जा सकता है, जैसा अभी Updates टैब में होता है.

Chats Tab से ही पोस्ट कर पाएंगे Status
एक और बड़ा बदलाव यह हो सकता है कि यूज़र्स सीधे Chats Tab से ही अपना स्टेटस पोस्ट कर सकेंगे. इससे स्टेटस बनाना और शेयर करना पहले से ज्यादा आसान और तेज़ हो जाएगा.

iOS और Android दोनों पर काम जारी
ये फीचर फिलहाल iOS के TestFlight बिल्ड में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जबकि एंड्रॉयड के लिए भी इसका डेवलपमेंट चल रहा है. हालांकि, अभी तक यह फीचर किसी भी बीटा यूज़र के लिए उपलब्ध नहीं हुआ है.

अभी नहीं हुआ है ऑफिशियल ऐलान
ध्यान देने वाली बात यह है कि वॉट्सऐप ने अभी इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. यह अभी डेवलपमेंट फेज में है, इसलिए लॉन्च से पहले इसमें बदलाव भी हो सकते हैं या इसकी रिलीज़ टाइमलाइन बदल सकती है.