WhatsApp का नया Privacy फीचर! मैसेज पढ़ते ही होंगे Auto Delete, चैटिंग का तरीका बदल जाएगा

वॉट्सऐप अपने यूजर्स के लिए लगातार नए फीचर्स ला रहा है, और अब एक ऐसा प्राइवेसी फीचर टेस्ट किया जा रहा है जो चैटिंग का तरीका पूरी तरह बदल सकता है. कंपनी ‘After Reading’ नाम का नया फीचर ला रही है, जिसमें मैसेज पढ़ने के बाद अपने आप डिलीट हो जाएंगे. अभी तक वॉट्सऐप में disappearing messages का टाइमर मैसेज भेजने के बाद शुरू होता था, लेकिन नए अपडेट में यह टाइमर मैसेज पढ़ने के बाद शुरू होगा.

रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल iOS के कुछ बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है. वॉट्सऐप के TestFlight प्रोग्राम के जरिए iPhone यूजर्स इसे टेस्ट कर पा रहे हैं. धीरे-धीरे इसे और यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा और बाद में सभी के लिए उपलब्ध हो सकता है.

अलग-अलग टाइम
इस नए फीचर में यूजर्स को ‘After reading’ का एक नया ऑप्शन मिलेगा, जो disappearing messages सेटिंग में दिखाई देगा. इसके जरिए आप तय कर पाएंगे कि मैसेज पढ़ने के कितने समय बाद डिलीट हो जाए. इसमें 5 मिनट, 1 घंटा और 12 घंटे जैसे विकल्प दिए जा सकते हैं. अगर सामने वाला यूजर मैसेज नहीं पढ़ता है, तो वॉट्सऐप उसे 24 घंटे के बाद अपने आप डिलीट कर देगा.

यह फीचर मौजूदा disappearing messages सिस्टम के साथ ही काम करेगा, जिसमें पहले से 24 घंटे, 7 दिन और 90 दिन के टाइमर ऑप्शन मिलते हैं. यूजर्स चाहें तो इसे किसी खास चैट पर लागू कर सकते हैं या फिर सभी नई चैट्स के लिए डिफॉल्ट सेट कर सकते हैं. हालांकि, ये फीचर अपने आप एक्टिव नहीं होगा, इसे मैन्युअली ऑन करना पड़ेगा.

इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा प्राइवेसी है. कई बार हम ऐसी जानकारी भेजते हैं जिसे हम लंबे समय तक चैट में नहीं रखना चाहते. ऐसे में ‘After Reading’ फीचर से यह सुनिश्चित होगा कि मैसेज पढ़ने के बाद ज्यादा देर तक सेव न रहे.

हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए कब तक जारी किया जाएगा, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में इसका रोलआउट और तेज हो जाएगा.

वॉट्सऐप का यह नया फीचर प्राइवेसी को एक नए स्तर पर ले जाने वाला है और आने वाले समय में यूजर्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है.