सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ठप हो गया है, और दुनियाभर के यूज़र्स को इसे चलाने में समस्याओं आ रही है. कई लोगों ने ऐप एक्सेस करने, मैसेज देखने और फीड लोड होने में दिक्कत की शिकायत की है. आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के मुताबिक प्लेटफॉर्म पर हजारों यूज़र्स ने समस्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है.
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक करीब 10,000 से ज्यादा रिपोर्ट्स सामने आईं, जिनमें सबसे बड़ा स्पाइक सुबह करीब 8:59 बजे (भारतीय समय) देखने को मिला. डाउनडिटेक्टर अलग-अलग सोर्स से मिलने वाली यूज़र रिपोर्ट्स को इकट्ठा करके आउटेज का डेटा दिखाता है, इसलिए प्रभावित यूज़र्स की असली संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है.
रिपोर्ट के मुताबिक इंस्टाग्राम की समस्या सबसे ज्यादा United States में देखी गई, जहां 10,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं. वहीं भारत में भी आउटेज का स्पाइक दिखा, लेकिन यहां लगभग 100 के आसपास रिपोर्ट्स दर्ज की गईं.
इसके अलावा UK में भी करीब 170 शिकायतें सामने आईं और वहां स्पाइक करीब सुबह 9:11 बजे (भारतीय समय) देखा गया.
यूज़र्स को किस तरह की समस्या
Downdetector के डेटा के मुताबिक:
- 71% यूज़र्स को इंस्टाग्राम ऐप एक्सेस करने में दिक्कत हुई
- 19% यूज़र्स ने सर्वर कनेक्शन से जुड़ी समस्या बताई
- 5% यूज़र्स को फीड या टाइमलाइन देखने में परेशानी हुई
- कई यूज़र्स ने खास तौर पर इंस्टाग्राम DMs के काम न करने की शिकायत भी की है.
इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta की तरफ से अभी तक इस तकनीकी समस्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही यह बताया गया है कि समस्या कब तक ठीक होगी.
हालांकि दिलचस्प बात यह है कि यह समस्या फिलहाल मेटा के दूसरे प्लेटफॉर्म जैसे Facebook, Threads और WhatsApp को प्रभावित करती नजर नहीं आ रही है.