- फीचर को वाहन का प्रकार चुनकर आसानी से सक्रिय करें।
Google Maps: आज के समय में ज्यादातर लोग रास्ता खोजने के लिए Google Maps का इस्तेमाल करते हैं लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि इस ऐप में एक ऐसा फीचर भी मौजूद है जो आपकी कार का ईंधन बचाने में मदद कर सकता है. बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों के बीच Google Maps का यह विकल्प रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है.
क्या है Google Maps का Fuel-Efficient Routes फीचर?
Google Maps में Fuel-Efficient Routes नाम का एक फीचर दिया गया है जो केवल सबसे तेज रास्ता ही नहीं बल्कि कम ईंधन खर्च करने वाले मार्ग का भी सुझाव देता है. यह फीचर Android और iPhone दोनों पर उपलब्ध है.
आमतौर पर लोग Google Maps खोलते ही सबसे कम समय वाले रास्ते को चुन लेते हैं लेकिन यह फीचर ऐसे मार्ग खोजता है जहां वाहन को कम ईंधन खर्च करना पड़े. कई बार यह रास्ता कुछ मिनट ज्यादा ले सकता है लेकिन इससे फ्यूल की बचत हो सकती है.
कैसे तय करता है कम ईंधन वाला रास्ता?
Google Maps कई महत्वपूर्ण बातों का विश्लेषण करता है जैसे
- सड़क पर ट्रैफिक की स्थिति
- रास्ते की चढ़ाई और ढलान
- बार-बार रुकने और चलने की संभावना
- वाहन की गति कितनी स्थिर रह सकती है
- कुल दूरी
इन सभी जानकारियों के आधार पर ऐप ऐसा मार्ग सुझाने की कोशिश करता है जिससे इंजन पर कम दबाव पड़े और ईंधन की खपत घटे.
वाहन के प्रकार के अनुसार बदलते हैं सुझाव
Google के अनुसार अलग-अलग इंजन वाले वाहनों के लिए फ्यूल बचाने के तरीके भी अलग हो सकते हैं. डीजल कारें अक्सर हाईवे पर बेहतर माइलेज देती हैं. हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहन शहर के ट्रैफिक में ज्यादा प्रभावी हो सकते हैं. यदि यूजर्स इंजन का टाइप नहीं चुनता है तो Google Maps डिफॉल्ट रूप से पेट्रोल वाहन मानकर मार्ग सुझाता है. इसी वजह से सही इंजन प्रकार चुनने से रूट की सटीकता और बेहतर हो सकती है.
ऐसे चालू करें यह छिपी हुई सेटिंग
इस फीचर को सक्रिय करने में एक मिनट से भी कम समय लगता है.
- Google Maps खोलें.
- ऊपर दिखाई देने वाली प्रोफाइल फोटो पर टैप करें.
- Settings में जाएं.
- Navigation Settings चुनें.
- Route Options पर टैप करें.
- Prefer Fuel-Efficient Routes विकल्प को ऑन कर दें.
इसके बाद आप अपनी कार का इंजन प्रकार पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक भी चुन सकते हैं.
जब यह फीचर एक्टिव होगा तो Google Maps कई बार हरे पत्ते (Green Leaf) के आइकन के साथ ऐसे रास्ते दिखाएगा जो कम ईंधन खर्च कर सकते हैं.
क्या वास्तव में होगी पैसे की बचत?
इस सवाल का जवाब आपकी ड्राइविंग शैली और यात्रा के मार्ग पर निर्भर करता है. Google का कहना है कि यह फीचर भारी ट्रैफिक, बार-बार ब्रेक लगाने की स्थिति और कठिन रास्तों से बचाकर ईंधन की खपत कम करने की कोशिश करता है. अगर आप रोजाना ऑफिस आते-जाते हैं या नियमित रूप से लंबी दूरी तय करते हैं तो थोड़ी-थोड़ी बचत समय के साथ एक अच्छी रकम में बदल सकती है.
हालांकि, हर जगह परिणाम एक जैसे नहीं मिलते. कुछ लोगों का कहना है कि सुझाया गया रास्ता कभी-कभी थोड़ा लंबा या कम सुविधाजनक हो सकता है जबकि कई यूजर्स ने लगातार एक ही रूट पर यात्रा करते समय ईंधन बचत महसूस की है.
बढ़ते फ्यूल खर्च के बीच आजमाने लायक है यह ट्रिक
यदि आप पेट्रोल या डीजल के बढ़ते खर्च से परेशान हैं तो Google Maps की यह सेटिंग जरूर आजमानी चाहिए. इसे चालू करने में कोई अतिरिक्त खर्च नहीं आता और यह बैकग्राउंड में काम करते हुए आपकी हर यात्रा में ईंधन बचाने में मदद कर सकती है.
यह भी पढ़ें:
MacBook Neo पर छप्परफाड़ छूट, ऐप्पल के सबसे सस्ते लैपटॉप की कीमत अब रह गई सिर्फ इतनी