Last Updated:
भारत समेत दुनियाभर में शुक्रवार को कई फेसबुक, इंस्टाग्राम यूजर्स ने प्लेटफार्म डाउन होने की शिकायत की. लाखों यूजर्स को लॉगिन में दिक्कतें आ रही हैं. दिक्कतों पर यूजर्स एक्स जैसे दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का शिकायत कर रहे हैं.
Facebook और Instagram हुआ डाउन
नई दिल्ली. अगर आप आज शाम से अपने फोन पर इंस्टाग्राम की रील्स नहीं देख पा रहे हैं या फेसबुक फीड रिफ्रेश नहीं हो रही है, तो चिंता मत कीजिए. आपके फोन या इंटरनेट में कोई खराबी नहीं है. दरअसल, दिग्गज टेक कंपनी मेटा (Meta) के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम दुनियाभर में ठप हो गए हैं. शुक्रवार शाम को अचानक आई इस तकनीकी खराबी की वजह से लाखों यूजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आउटेज को ट्रैक करने वाली मशहूर वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ (Downdetector) के मुताबिक, भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे से फेसबुक और इंस्टाग्राम को लेकर शिकायतों की बाढ़ आ गई. हजारों लोगों ने ऐप न चलने की रिपोर्ट दर्ज कराई. यह समस्या सिर्फ किसी एक देश में नहीं, बल्कि भारत समेत दुनिया के कई देशों में एक साथ देखी जा रही है.
क्या-क्या परेशानियां आ रही हैं?
अलग-अलग यूजर्स को इस आउटेज की वजह से कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ज्यादातर यूजर्स की शिकायत है कि ऐप ओपन तो हो रहा है, लेकिन नई पोस्ट या रील्स लोड नहीं हो रही हैं. कुछ यूजर्स अपने अकाउंट से अचानक लॉगआउट हो गए हैं और दोबारा लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं. फेसबुक और इंस्टाग्राम के साथ-साथ फेसबुक मैसेंजर पर भी मैसेज आने-जाने बंद हो गए हैं.
‘X’ पर शिकायतों की बाढ़
जैसे ही फेसबुक और इंस्टाग्राम बंद हुए, परेशान यूजर्स ने सच जानने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ का रुख किया. कुछ ही देर में #FacebookDown और #InstagramDown जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे. लोग मीम्स शेयर करके एक-दूसरे से पूछने लगे कि क्या वाकई सबका सोशल मीडिया बंद पड़ा है.
Meta ने अभी तक नहीं दी सफाई
इस भारी गड़बड़ी को लेकर ‘मेटा’ की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या सफाई नहीं आई है. कंपनी ने यह भी नहीं बताया है कि यह खराबी क्यों आई और इसे कब तक ठीक कर लिया जाएगा.
अब यूजर्स क्या करें?
चूंकि यह समस्या आपके फोन या सिम कार्ड की नहीं, बल्कि सीधे मेटा से जुड़ी है, इसलिए ऐप को बार-बार रीस्टार्ट करने या इंटरनेट ऑन-ऑफ करने से कोई फायदा नहीं होगा. फिलहाल यूजर्स के पास केवल एक ही रास्ता है कि वे मेटा की तरफ से इस तकनीकी खराबी को ठीक किए जाने का इंतजार करें.
About the Author
वर्तमान में विनय कुमार झा नेटवर्क18 की वेबसाइट hindi.news18.com में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह मई 2017 से इस वेबसाइट के साथ जुड़े हैं. वह बीते 5 सालों से वर्तमान में वेबसाइट के बिजनेस सेक्शन के …और पढ़ें