वॉशिंग मशीन में छिपी इस छोटी चीज़ को कोई नहीं करता साफ, फिर कपड़ों से आती है बदबू, चिपकेंगे धागे


अगर आपके कपड़े वॉशिंग मशीन से निकलने के बाद भी उन पर रूई (Lint), बाल या धागे चिपके रहते हैं, तो हर बार डिटर्जेंट या मशीन को दोष देने की जरूरत नहीं है. इसकी असली वजह वॉशिंग मशीन के अंदर मौजूद एक छोटा-सा लिंट फिल्टर भी हो सकता है. यह फिल्टर कपड़े धोते समय निकलने वाले रेशों, बालों और गंदगी को इकट्ठा करता है, ताकि वे दोबारा कपड़ों पर न चिपकें और मशीन का ड्रेनेज सिस्टम भी जाम न हो.

अक्सर लोग ड्रम, डिटर्जेंट ट्रे और रबर गैस्केट की सफाई तो कर लेते हैं, लेकिन इस छोटे फिल्टर पर ध्यान नहीं देते. धीरे-धीरे इसमें काफी गंदगी जमा हो जाती है, जिससे मशीन की परफॉर्मेंस पर असर पड़ने लगता है. अच्छी बात यह है कि इसे साफ करने में सिर्फ 5 मिनट लगते हैं, लेकिन यह छोटी-सी आदत आपकी मशीन की लाइफ बढ़ा सकती है.

क्यों जरूरी है लिंट फिल्टर की सफाई?

लिंट फिल्टर का काम कपड़ों से निकलने वाले रेशों और धागों को रोकना होता है. अगर यह फिल्टर भर जाए, तो मशीन का पानी सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाता. इससे ड्रेनेज सिस्टम पर ज्यादा दबाव पड़ता है और वॉशिंग साइकल भी सामान्य से ज्यादा समय लेने लगती है.

इतना ही नहीं, फिल्टर भर जाने पर जमा हुए लिंट दोबारा पानी के साथ घूमकर साफ कपड़ों पर चिपक जाती है. यही वजह है कि कई बार धुले हुए कपड़े भी गंदे नजर आते हैं.

गंदा फिल्टर कपड़ों को कैसे नुकसान पहुंचाता है?

अगर हर धुलाई के बाद कपड़ों पर रूई या छोटे-छोटे रेशे दिखाई देते हैं, तो समझिए फिल्टर की सफाई का समय आ गया है. लंबे समय तक गंदगी और नमी जमा रहने से बैक्टीरिया और फफूंदी भी पनप सकती है, जिससे कपड़ों में बदबू आने लगती है.

महंगे कपड़े, ऊनी कपड़े, कॉटन और नाजुक फैब्रिक पर इसका असर ज्यादा दिखाई देता है, क्योंकि उनमें लिंट आसानी से फंस जाती है और निकालना मुश्किल हो जाता है.

लिंट फिल्टर साफ करने का सही तरीका

फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन में ये फिल्टर आमतौर पर नीचे की तरफ एक छोटे कवर के पीछे होता है. वहीं टॉप लोड मशीन में यह ड्रम के अंदर या किनारे की तरफ मिलता है.

फिल्टर को धीरे से बाहर निकालें और बहते पानी से अच्छी तरह साफ करें. अगर गंदगी ज्यादा जमी हो, तो मुलायम ब्रश की मदद से उसे हटाएं. इसके बाद फिल्टर को अच्छी तरह सुखाकर दोबारा अपनी जगह पर लगा दें.

कितने दिन में साफ करना चाहिए?

अगर घर में रोजाना वॉशिंग मशीन चलती है, तो हर 15 दिन में एक बार लिंट फिल्टर की सफाई करना बेहतर माना जाता है. वहीं मानसून के दौरान, जब कपड़े ज्यादा धुलते हैं और तौलिए, बेडशीट या पालतू जानवरों के बिस्तर जैसी चीजें अधिक धुलती हैं, तब सप्ताह में एक बार फिल्टर चेक करना अच्छा रहेगा.

वॉशिंग मशीन का लिंट फिल्टर भले ही छोटा हो, लेकिन इसकी सफाई आपकी मशीन और कपड़ों दोनों के लिए बेहद जरूरी है. सिर्फ 5 मिनट का यह काम ड्रेनेज की समस्या, बदबू, लिंट और मशीन की खराबी जैसी कई दिक्कतों से बचा सकता है. अगर आपने अब तक इस फिल्टर पर ध्यान नहीं दिया है, तो अगली बार कपड़े धोने से पहले इसे जरूर साफ करें.



Source link