नई दिल्ली. ऐपल के सीईओ टिम कुक ने पिछले दिनों इशारा कर दिया था कि प्रोडक्ट की मौजूदा कीमतों में बढ़ोतरी को रोकना अब संभव नहीं है. उनके इस बयान के कुछ ही दिन बाद कंपनी ने अपने सभी प्रोडक्ट की कीमतें भारत में बढ़ा दी हैं. कंपनी ने ऐपल के डेस्कटॉप, मैकबुक, आईपैड, ऐपल टीवी और होमपॉड डिवाइस से लेकर सभी कैटेगरी में कीमतों को बढ़ा दिया है. कंपनी का कहना है कि ग्लोबल मार्केट में बढ़ते इनपुट कॉस्ट की वजह से भारतीय प्रोडक्ट को भी महंगा करना पड़ रहा है. कंपनी ने अभी तक आईफोन के दाम नहीं बढ़ाए हैं, न तो भारत में और न ही किसी अन्य देश में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी की गई है.
कंपनी ने बताया कि अब MacBook Air (512GB) की कीमत 1,37,900 रुपये शुरू होगी, जो अभी तक 1,19,900 रुपये से शुरू होती थी. इसका मतलब है कि इस प्रोडक्ट की कीमत करीब 17 हजार रुपये महंगी हो गई है. कंपनी ने एंट्री लेवल मैकबुक नियो की कीमत भी 79,900 कर दी है, जो पहले 69,900 रुपये थी. इससे पहले कंपनी ने इस प्रोडक्ट को 59,900 रुपये में लॉन्च किया था. लिहाजा लॉन्चिंग प्राइस से देखा जाए तो अभी तक इसमें 33 फीसदी यानी 20 हजार रुपये का इजाफा हो चुका है.
इन प्रोडक्ट के भी बढ़े दाम
ऐपल ने बताया है कि 13 इंच वाले MacBook Air जिसमें M5 लगी होती है, उसकी कॉस्ट अब 1,49,900 रुपये हो गई है, जो अपनी लॉन्चिंग प्राइस 1,19,900 रुपये 30 हजार रुपये ज्यादा पहुंच गई है. इसके 15 इंच वाले वैरिएंट की कीमत तो 1,79,900 रुपये है, जो पहले 1,44,900 रुपये थी. 14 इंच वाले MacBook Pro (M5, 16GB RAM) की कीमत तो बए़कर 2,39,900 रुपये पहुंच गई है, जो अभी तक 1,69,900 रुपये थी. इसका मतलब है कि यह प्रोडक्ट करीब 70 हजार रुपये महंगा हो चुका है. हालांकि, M5 Max चिप वाला 14 इंच का MacBook Pro अपनी लॉन्चिंग प्राइस से करीब 1 लाख रुपये महंगा हो गया है, जो सबसे ज्यादा प्राइस हाइक है.
छोटे प्रोडक्ट में बड़ा उछाल
ऐपल ने 11 इंच वाले iPad Air (M4) की कीमत बढ़ाकर 89,900 रुपये कर दी है, जो अभी तक 64,900 रुपये में मिलता था. इसके अलावा iPad Pro (M5, 256GB) की कीमत बढ़कर 1,39,900 रुपये पहुंच गई है, जो अभी तक 99,900 रुपये में मिलता था. कंपनी ने अपने होम इंटरटेनमेंट प्रोडक्ट को भी महंगा कर दिया है. Apple TV 4K (64GB) वाला अब 25,900 रुपये हो गया है, जो पहले 14,900 रुपये था. इसी तरह, 128जीबी वाले वैरिएंट की कीमत 31,900 रुपये हो गई है, जो 16,900 रुपये थी. इसमें 89 फीसदी का जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है. होमपॉड भी 32,900 रुपये बढ़कर 44,900 रुपये हो गया है, जबकि होमपॉड मिनी की कीमत 10,900 रुपये से उछलकर 15,900 रुपये पहुंच गई है.
अमेरिका में कितनी हो गई कीमत
कंपनी ने भारत में अपने प्रोडक्ट महंगे करने के साथ ही अमेरिका में भी इसकी कीमतें बढ़ा दी हैं. वहां 512 जीबी वाले MacBook Air की कीमत बढ़कर 1,299 डॉलर हो गई है, जो अभी तक 1,099 डॉलर में मिलता था. 1 टीबी स्टोरेज वाले मैकबुक प्रो की कीमत अमेरिका में अब 1,999 डॉलर हो गई, जो पहले 1,699 डॉलर थी. 128 जीबी वाले आईपैड एयर की कीमत 749 डॉलर पहुंच गई है, जो अभी तक 599 डॉलर में बिकता था. यहां टीवी और ऐपल स्पीकर के दाम में भी बढ़ोतरी दिख रही है.