WhatsApp पर भेज सकेंगे प्राइवेट मैसेज, एक बार पढ़ने के बाद होगा गायब, Spoiler Messages फीचर भी जल्द


वॉट्सऐप जल्द ही अपने यूजर्स के लिए एक नया प्राइवेसी फीचर ला सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ऐसे फीचर पर काम कर रही है, जिसकी मदद से टेक्स्ट मैसेज सिर्फ एक बार पढ़े जा सकेंगे. मैसेज खुलते ही अपने आप गायब हो जाएगा और दोबारा नहीं देखा जा सकेगा.

वॉट्सऐप से जुड़ी नई जानकारी देने वाली वेबसाइट WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, ये फीचर वॉट्सऐप बीटा फॉर एंड्रॉयड के वर्जन 2.26.22.7 में डेवलपमेंट के दौरान देखा गया है. हालांकि फिलहाल यह फीचर टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं है.

कैसे काम करेगा नया फीचर?
रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर्स मैसेज टाइप करने के बाद Send बटन को लंबे समय तक दबाकर अडिशनल ऑप्शन देख सकेंगे. यहां ‘Send as View Once’ नाम का नया ऑप्शन मिल सकता है.

फोटो: WABetaInfo

अगर यूजर इस ऑप्शन को चुनता है, तो सामने वाला व्यक्ति उस मैसेज को सिर्फ एक बार पढ़ पाएगा. जैसे ही मैसेज खोला जाएगा, वह चैट से गायब हो जाएगा और दोबारा एक्सेस नहीं किया जा सकेगा.

पहले से मौजूद है View Once फीचर
वॉट्सऐप पहले ही फोटो, वीडियो और वॉइस मैसेज के लिए View Once फीचर देता है. इस फीचर के जरिए भेजे गए मीडिया फाइल्स को एक बार देखने के बाद दोबारा नहीं खोला जा सकता.

इसके अलावा View Once फोटो और वीडियो को सेव, फॉरवर्ड या एक्सपोर्ट भी नहीं किया जा सकता. कई मामलों में वॉट्सऐप स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग को भी ब्लॉक कर देता है.

अगर यही सुविधा टेक्स्ट मैसेज के लिए भी आती है, तो यूजर्स पासवर्ड, OTP, निजी जानकारी या अन्य संवेदनशील डिटेल्स ज्यादा सुरक्षित तरीके से शेयर कर सकेंगे.

Spoiler Message फीचर पर भी काम
रिपोर्ट्स के मुताबिक वॉट्सऐप एक और नए फीचर ‘Spoiler Messages’ पर भी काम कर रहा है. इस फीचर में मैसेज का कुछ हिस्सा ब्लर दिखाई देगा और उसे पढ़ने के लिए यूजर को उस पर टैप करना होगा. यह फीचर पासवर्ड, वेरिफिकेशन कोड या दूसरे निजी जानकारी शेयर करने में मददगार साबित हो सकता है.

फिलहाल वॉट्सऐप ने इन फीचर्स की लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है. उम्मीद है कि पहले इन्हें बीटा टेस्टर्स के लिए जारी किया जाएगा और बाद में सभी यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा.



Source link