डिजिटल डेस्क, लखनऊ। ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों का हवाई यात्रा पर भी बड़ा असर हो रहा है। देश की दो बड़ी विमानन कंपनियों एअर इंडिया व इंडिगो ने एक जून से घरेलू उड़ानों को कम करने का फैसला किया है। दोनों कंपनियों ने इसके लिए रूट भी निर्धारित कर लिया है।
एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बढ़ती कीमतों के कारण देश की दो प्रमुख एयरलाइंस Air India और IndiGo ने एक जून से अगले 90 दिनों के लिए अपनी घरेलू उड़ानें कम करने का फैसला लिया है। हवाई ईंधन के महंगे होने के कारण एअर इंडिया अपनी घरेलू उड़ानों में सबसे बड़ी कटौती करने जा रही है।
कंपनी अपने घरेलू एयरलाइन ऑपरेशंस में लगभग 15 प्रतिशत की कमी कर सकती है। अभी तक तो एअर इंडिया हर हफ्ते 3,800 उड़ानें संचालित करती है। देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो भी अपने ऑपरेशंस में पांच से सात प्रतिशत की कटौती कर रही है। IndiGo रोज 1,950 उड़ानें संचालित करती है। इसकी रोज पांच से सात प्रतिशत की कटौती भी एक बड़ी संख्या बन जाती है।
एअर इंडिया और इंडिगो के इस निर्णय से यात्रियों को टिकटों की किल्लत और किराए में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल के महंगे होने के कारण सबसे ज्यादा असर महानगरों के बीच की उड़ानों पर पड़ेगा। इंडिगो अपनी घरेलू उड़ानों में 5-7 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 17 प्रतिशत की कटौती कर रही है। एअर इंडिया भी अपनी घरेलू उड़ानों में 15 से 22 प्रतिशत तक की कटौती कर रही है।
इन रूट्स पर पड़ेगा प्रभाव
दिल्ली से हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता।
मुंबई से अहमदाबाद, नागपुर, पटना और भोपाल।
यात्री रहें सचेत: एयरलाइंस ने प्रभावित उड़ानों को बुकिंग पोर्टल्स से हटाना शुरू कर दिया है ताकि यात्रियों को अचानक रद हुई उड़ानों की समस्या न हो। यदि आपने आने वाले दिनों में यात्रा की योजना बनाई है, तो अपनी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या ट्रैवल पोर्टल पर जाकर अपनी फ्लाइट का स्टेटस अवश्य जांच लें।