शाओमी के सब-ब्रांड रेडमी ने भारत में अपने दो पॉपुलर बजट स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ा दी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक Redmi Note 15 5G और रेडमी 15 5G अब पहले से महंगे हो गए हैं. यह प्राइस हाइक ऐसे समय पर सामने आया है जब हाल ही में कंपनी ने कुछ दूसरे स्मार्टफोन्स की कीमतों में भी बदलाव किया था.
टिप्स्टर संजू चौधरी के मुताबिक, Redmi Note 15 5G की कीमत में ₹2,000 तक की बढ़ोतरी की गई है. फोन का 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट अब ₹26,999 में मिल रहा है. वहीं 8GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल की नई कीमत ₹29,999 हो गई है. खास बात यह है कि लॉन्च के मुकाबले यह फोन अब कुल ₹4,000 तक महंगा हो चुका है.
सिर्फ रेडमी Note 15 5G ही नहीं, बल्कि रेडमी 15 5G की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिला है. फोन का 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट अब ₹20,499 में उपलब्ध है. वहीं 8GB RAM और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत ₹22,499 हो गई है. इसके अलावा 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला टॉप वेरिएंट अब ₹24,499 में बिक रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक नई कीमतें शाओमी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी दिखाई देने लगी हैं. हालांकि कंपनी ने अब तक इस प्राइस हाइक की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है.
माना जा रहा है कि ग्लोबल स्तर पर बढ़ती कंपोनेंट कॉस्ट और RAM की कमी इसकी बड़ी वजह हो सकती है. AI डेटा सेंटर्स की बढ़ती डिमांड के कारण RAM और चिपसेट की कीमतों में तेजी आई है, जिसका असर बजट स्मार्टफोन्स पर भी देखने को मिल रहा है.
अगर आप रेडमी नोट 15 5G या रेडमी 15 5G खरीदने की योजना बना रहे थे, तो अब आपको पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.