स्मार्ट वियरेबल्स की दुनिया में Oura ने अपनी नई स्मार्ट रिंग Oura Ring 5 लॉन्च कर दी है. कंपनी का दावा है कि ये नई रिंग पिछले मॉडल की तुलना में 40 प्रतिशत छोटी है, लेकिन इसमें पहले से ज्यादा एडवांस हेल्थ ट्रैकिंग फीचर्स दिए गए हैं. Oura Ring 5 में नए सेंसर, AI आधारित हेल्थ मॉनिटरिंग और कई स्मार्ट फीचर्स शामिल किए गए हैं, जो यूजर्स को उनकी सेहत पर बेहतर नजर रखने में मदद करेंगे.
Oura Ring 5 को हल्के और मजबूत टाइटेनियम बॉडी के साथ पेश किया गया है. कंपनी के मुताबिक, इसमें बेहतर स्क्रैच रेजिस्टेंस कोटिंग दी गई है, जिससे ये लंबे समय तक नई जैसी बनी रह सकती है.
इसके अलावा, रिंग को IP68 रेटिंग और 100 मीटर तक वॉटर रेजिस्टेंस सपोर्ट मिला है, जिससे इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ पानी में भी आसानी से पहना जा सकता है.
सेहत के लिए अलग फीचर
इस स्मार्ट रिंग की सबसे बड़ी खासियत इसका नया Health Radar फीचर है. यह सिस्टम लगातार यूजर के बायोमेट्रिक डेटा को मॉनिटर करता है और लंबे समय तक स्वास्थ्य से जुड़े पैटर्न का विश्लेषण करता है. इसके साथ Blood Pressure Signals फीचर भी दिया गया है, जो हृदय संबंधी जोखिमों के संकेतों की पहचान करने में मदद कर सकता है.
Oura Ring 5 में Nighttime Breathing फीचर भी मौजूद है, जो नींद के दौरान सांस लेने के पैटर्न का विश्लेषण करता है. वहीं, वजन कम करने वाली दवाएं लेने वाले यूजर्स के लिए GLP-1 Insights फीचर भी जोड़ा गया है. कंपनी ने AI आधारित हेल्थ असिस्टेंस के लिए Counsel Health के साथ साझेदारी की है, जिससे यूजर्स को बेहतर स्वास्थ्य सुझाव मिल सकेंगे.
फिटनेस पसंद करने वालों के लिए इसमें Live Activity Tracking फीचर दिया गया है, जिसकी मदद से वर्कआउट को रियल टाइम में ट्रैक किया जा सकता है. इसके अलावा, रिंग या चार्जिंग केस खो जाने पर उसे ढूंढने के लिए Locate फीचर भी उपलब्ध है.
कितनी है कीमत?
कीमत की बात करें तो Oura Ring 5 की शुरुआती कीमत 399 डॉलर (करीब 38,000 रुपये) रखी गई है. फिलहाल यह अमेरिका समेत चुनिंदा बाजारों में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है. भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, जून 2026 से इसके कुछ नए हेल्थ फीचर्स भारतीय यूजर्स के लिए भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं.