Redmi K90 Max Launch 21 April : सुपरफास्ट फ्लैगशिप फोन, 8550mAh बैटरी के साथ जल्द करेगा एंट्री, बैटरी और परफॉर्मेंस दोनों टॉप

रेडमी जल्द ही अपना नया परफॉर्मेंस-फोकस्ड स्मार्टफोन रेडमी K90 Max चीन में लॉन्च करने जा रही है. ये फोन कंपनी की K90 सीरीज का नया मॉडल होगा, जिसमें पहले से रेडमी K90 और रेडमी K90 Pro Max मौजूद हैं. लॉन्च से पहले ही कंपनी ने इसके कई खास फीचर्स का खुलासा कर दिया है, जिससे साफ है कि ये डिवाइस खासतौर पर गेमिंग और हाई-परफॉर्मेंस यूज़र्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.

कंपनी ने ऑफिशियल तौर पर बताया है कि रेडमी K90 Max को 21 अप्रैल को चीन में लॉन्च किया जाएगा. इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका खास कूलिंग सिस्टम माना जा रहा है. शाओमी ग्रुप के प्रेसिडेंट Lu Weibing ने वीबो पर पुष्टि की है कि इसमें बिल्ट-इन कूलिंग फैन दिया जाएगा, जो लंबे समय तक गेमिंग या हैवी टास्क के दौरान फोन को ज्यादा गर्म होने से बचाएगा.

परफॉर्मेंस की बात करें तो ये स्मार्टफोन MediaTek Dimensity 9500 प्रोसेसर के साथ आ सकता है. Geekbench लिस्टिंग से इसकी पुष्टि भी हो चुकी है. इसके साथ 165Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले मिलेगा, जो स्क्रॉलिंग और गेमिंग को बेहद स्मूद बना देगा. साथ ही इसमें DC डिमिंग सपोर्ट भी होगा, जिससे कम रोशनी में आंखों पर कम दबाव पड़ेगा.

बहुत बड़ी होने वाली है बैटरी
बैटरी के मामले में भी रेडमी K90 Max काफी दमदार नजर आ रहा है. पावर के लिए इसमें 8,550mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जो आज के ज्यादातर फ्लैगशिप फोन्स से काफी ज्यादा है. इसके साथ 100W फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है. यानी यह सिर्फ जल्दी चार्ज ही नहीं होगा, बल्कि दूसरे डिवाइसेस को भी चार्ज कर सकेगा.

डिजाइन की बात करें तो फोन में बड़ा कैमरा मॉड्यूल, डुअल कैमरा सेटअप, LED फ्लैश और एयर वेंट्स दिए जा सकते हैं, जो इसके गेमिंग लुक को और मजबूत बनाते हैं. दिलचस्प बात यह है कि फिजिकल कूलिंग फैन होने के बावजूद इसमें IP66, IP68 और IP69 जैसी डस्ट और वाटर रेसिस्टेंस रेटिंग्स भी मिल सकती हैं.

रिपोर्ट्स की मानें तो रेडमी K90 Max भारत में Xiaomi 17T के नाम से लॉन्च हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह उन यूज़र्स के लिए शानदार विकल्प बन सकता है जो एक फ्लैगशिप लेवल परफॉर्मेंस वाला फोन चाहते हैं. लॉन्च के बाद इसकी पूरी तस्वीर और साफ हो जाएगी.