सीलिंग फैन घर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंस में से एक है. खासकर गर्मियों में यह पूरे दिन चलता रहता है. बिजली बचाने के लिए लोग अक्सर फैन की स्पीड कम कर देते हैं, लेकिन एक छोटी-सी बात को नजरअंदाज कर देते हैं- और वो है फैन के ब्लेड पर जमी धूल. यह धूल धीरे-धीरे फैन की परफॉर्मेंस पर असर डाल सकती है.
खिड़कियों और दरवाजों से आने वाली धूल धीरे-धीरे फैन के ब्लेड पर जमने लगती है. समय के साथ इसकी मोटी परत बन जाती है. खासकर ब्लेड के किनारों पर जमा धूल फैन का बैलेंस और हवा को काटने की क्षमता प्रभावित करती है. ऐसे में पहले जैसी हवा देने के लिए फैन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत बढ़ सकती है.
कम हवा आने की वजह सिर्फ मोटर नहीं, धूल भी हो सकती है
अगर आपका फैन फुल स्पीड पर चल रहा है, लेकिन कमरे में पहले जैसी ठंडी हवा महसूस नहीं हो रही, तो इसकी वजह सिर्फ मोटर नहीं बल्कि ब्लेड पर जमी धूल भी हो सकती है. धूल की मोटी परत हवा के फ्लो को कम कर देती है. कई लोग इसे फैन की खराबी समझ लेते हैं, जबकि कई बार सिर्फ अच्छी तरह सफाई करने से ही समस्या दूर हो जाती है.
मोटर पर बढ़ सकता है ज्यादा दबाव
जब फैन के ब्लेड गंदे होते हैं, तो पर्याप्त हवा देने के लिए मोटर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. लंबे समय तक ऐसा होने पर मोटर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. इसलिए नियमित सफाई फैन की बेहतर परफॉर्मेंस बनाए रखने और बिजली की बचत के लिए जरूरी मानी जाती है.
धूल की वजह से फैन डगमगा भी सकता है
अगर ब्लेड के किसी एक हिस्से पर ज्यादा धूल जमा हो जाए, तो फैन का बैलेंस बिगड़ सकता है. ऐसे में फैन चलते समय डगमगाने या वाइब्रेशन करने लगता है. लगातार वाइब्रेशन होने से मोटर और माउंटिंग सिस्टम पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है.
इन संकेतों को नजरअंदाज न करें
अगर फैन से असामान्य आवाज आ रही है, वह जरूरत से ज्यादा हिल रहा है या बार-बार बंद हो रहा है, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें. कई बार स्क्रू ढीले होने या फिटिंग कमजोर होने की वजह से भी ऐसी समस्या आती है, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हो सकती है.
समय-समय पर सफाई और जांच जरूरी
फैन की नियमित सफाई करने से उसकी हवा देने की क्षमता बेहतर बनी रहती है और बिजली की खपत बढ़ने की संभावना भी कम हो सकती है. अगर सफाई के बाद भी समस्या बनी रहे, तो किसी एक्सपीरिएंस वाले टेक्नीशियन से फैन की जांच जरूर करवा लें.