WhatsApp Update: इन यूजर्स के लिए आया बड़ा बदलाव, कॉल के दौरान मिलेगी नई सुविधा, मिलेगा एक शॉर्टकट


वॉट्सऐप अपने यूजर्स के लिए समय-समय पर छोटे-छोटे फीचर लाता रहता है, जो ऐप इस्तेमाल करना और आसान बना देते हैं. अब कंपनी iPhone यूजर्स के लिए ऐसा ही एक नया फीचर ला रही है. अगर आप वॉट्सऐप पर अक्सर वॉइस या वीडियो कॉल करते हैं, तो यह अपडेट आपके काम आ सकता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप अब ऐसा शॉर्टकट दे रहा है, जिसकी मदद से कॉल के दौरान ही Mic Mode बदला जा सकेगा. पहले इसके लिए iPhone का Control Center खोलना पड़ता था, लेकिन अब यह ऑप्शन सीधे वॉट्सऐप के अंदर ही मिलेगा. फिलहाल यह फीचर धीरे-धीरे रोलआउट हो रहा है, इसलिए सभी यूजर्स तक पहुंचने में थोड़ा समय लग सकता है.

क्या बदलेगा?

WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर वॉट्सऐप for iOS 26.27.74 बीटा वर्जन में देखा गया है. जब यह आपके फोन में आएगा, तब कॉल के दौरान More मेन्यू में Mic Mode का नया ऑप्शन दिखाई देगा. उस पर टैप करते ही iPhone की माइक्रोफोन सेटिंग खुल जाएगी और आप बिना कॉल काटे अपनी पसंद का मोड चुन सकेंगे.

ध्यान देने वाली बात यह है कि वॉट्सऐप ने कोई नया माइक्रोफोन सिस्टम नहीं बनाया है. यह सिर्फ Apple के पहले से मौजूद फीचर तक जल्दी पहुंचने का आसान तरीका है. एक बार जो Mic Mode चुनेंगे, वही अगली वॉट्सऐप कॉल में भी चलता रहेगा, जब तक आप उसे खुद बदल नहीं देते.

Mic Mode क्या होता है?

Apple iPhone में चार तरह के Mic Mode मिलते हैं.

Voice Isolation- अगर आपके आसपास ज्यादा शोर है, तो यह मोड सिर्फ आपकी आवाज पर फोकस करता है. इससे सामने वाले को आपकी बात साफ सुनाई देती है.

Wide Spectrum – अगर आप चाहते हैं कि सामने वाला आसपास की आवाजें भी सुने, तो यह मोड काम आता है. जैसे किसी पार्टी, मीटिंग या फैमिली गैदरिंग में.

Standard- यह सामान्य माइक्रोफोन मोड है, जिसमें कोई खास बदलाव नहीं किया जाता.

Automatic- iOS 18 के साथ आया यह फीचर खुद तय करता है कि उस समय कौन-सा Mic Mode सबसे बेहतर रहेगा.

किन iPhone में मिलेगा?

रिपोर्ट के मुताबिक, Voice Isolation और Wide Spectrum इस्तेमाल करने के लिए iOS 15 या उससे नया वर्जन होना चाहिए. यह फीचर iPhone XR, iPhone XS और उससे नए मॉडल में काम करेगा. वहीं Automatic Mic Mode सिर्फ iOS 18 या उससे नए वर्जन वाले iPhone में मिलेगा.

वॉट्सऐप का यह अपडेट फिलहाल सभी यूजर्स को नहीं मिला है. कंपनी इसे धीरे-धीरे जारी कर रही है. इसलिए अगर आपके iPhone में अभी यह फीचर नहीं दिख रहा है, तो आने वाले अपडेट का इंतजार करना होगा. अच्छी बात यह है कि अब कॉल के बीच बार-बार Control Center खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पूरी सेटिंग वॉट्सऐप के अंदर ही आसानी से बदल सकेंगे.



Source link

0Shares