सैमसंग अगले महीने होने वाले अपने Galaxy Unpacked 2026 इवेंट में नई फोल्डेबल स्मार्टफोन सीरीज लॉन्च कर सकता है. लॉन्च से पहले ही सैमसंग गैलेक्सी Z फोल्ड 8 और गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ चुकी हैं. अब इन दोनों फोल्डेबल फोन की तस्वीरें और रेंडर्स इंटरनेट पर लीक हो गए हैं, जिनसे इनके डिजाइन की झलक देखने को मिली है.
लीक रिपोर्ट के मुताबिक सैमसंग इस बार अपने फोल्डेबल लाइनअप में बड़ा बदलाव कर सकता है. प्रसिद्ध टिप्स्टर Ice Universe ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें कथित तौर पर गैलेक्सी Z फोल्ड 8 को देखा जा सकता है.
दावा किया गया है कि एक सैमसंग कर्मचारी इस फोन का इस्तेमाल कर रहा था. हालांकि डिवाइस को एक विशेष प्रोटेक्टिव कवर से ढका गया है ताकि इसका असली डिजाइन छिपा रहे.
फोन में फोन के पीछे डुअल कैमरा सेटअप दिखाई देता है, जो पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल में दिया गया है. कैमरे के नीचे LED फ्लैश भी नजर आता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक ये सैमसंग का पहला ‘वाइड-फोल्डिंग’ स्मार्टफोन हो सकता है, जो पहले के मॉडल्स की तुलना में ज्यादा चौड़ा डिजाइन पेश करेगा.
इसके अलावा लीक हुए रेंडर्स में गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा भी देखा गया है. इस मॉडल में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलने की संभावना है. दोनों फोनों के कवर डिस्प्ले पर सेंटर पंच-होल सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है. डिजाइन के मामले में दोनों डिवाइस काफी प्रीमियम नजर आ रहे हैं.
कौन से हो सकते हैं मॉडल
हाल ही में आई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि सैमसंग अपने आगामी फोल्डेबल फोनों की ब्रांडिंग में बदलाव कर सकता है. पहले जिन डिवाइसों को गैलेक्सी Z फोल्ड 8 वाइड और गैलेक्सी Z फोल्ड 8 कहा जा रहा था, उन्हें अब क्रमशः गैलेक्सी Z फोल्ड 8 और गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा नाम से लॉन्च किया जा सकता है.
फिलहाल सैमसंग ने इन स्मार्टफोनों को लेकर ऑफिशियल जानकारी शेयर नहीं की है. लेकिन माना जा रहा है कि जुलाई 2026 में आयोजित होने वाले गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट में कंपनी इन फोल्डेबल फोनों से पर्दा उठा सकती है. अगर लीक सही साबित होती हैं, तो गैलेक्सी Z फोल्ड 8 सीरीज सैमसंग की अब तक की सबसे एडवांस्ड और प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन लाइनअप बन सकती है.