हाल ही में इंडिगो की फ्लाइट हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही थी. दोपहर में शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ये Indigo लैंड हुई, लेकिन जब विमान पार्किंग की ओर जा रहा था, तभी एक यात्री ने अपने पावर बैंक से धुआं और आग निकलने की सूचना दी. क्रू मेंबर्स ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाई, लेकिन तब तक केबिन में धुआं भर चुका था.
इसके बाद इमरजेंसी दरवाजे खोले गए और सभी यात्रियों को इन्फ्लेटेबल स्लाइड्स के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस दौरान एक यात्री को हल्की चोट भी आ गई.
DGCA ने दी जरूरी जानकारी
इस घटना को देखते हुए DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने नवंबर 2025 में एक एडवाइजरी जारी की थी. इसके तहत उड़ान के दौरान पावर बैंक से किसी भी डिवाइस को चार्ज करने पर रोक लगा दी गई है, चाहे वह सीट के पावर आउटलेट से ही क्यों न हो. साथ ही पावर बैंक केवल हैंड बैगेज में ही ले जाने की अनुमति है, इन्हें ओवरहेड केबिन या चेक-इन बैगेज में रखना पूरी तरह प्रतिबंधित है.
अगर आप फ्लाइट में भी पावर बैंक लेकर जाते हैं, तो ये समझना जरूरी है कि पावर बैंक यात्रा में बहुत काम आता है, लेकिन फ्लाइट सफर के दौरान अगर सही तरीके से पावर बैंक न रखा जाए तो यह खतरनाक भी हो सकता है. ऐसे में लिथियम बैटरी में आग लगने का खतरा होता है.
इन बातों का रखें ध्यान
- हमेशा कैबिन बैग में रखें- पावर बैंक कभी भी चेक-इन सामान (होल्ड बैग) में न रखें। इसे हमेशा अपने साथ कैबिन बैग में रखें.
- खराब या सूजे हुए पावर बैंक न ले जाएं- अगर पावर बैंक फूला हुआ, लीक हो रहा हो या टूटा हुआ हो तो उसे बिल्कुल न ले जाएं.
- सर्टिफाइड और अच्छी ब्रांड का ही पावर बैंक का इस्तेमाल करें- केवल BIS, CE या UL सर्टिफाइड पावर बैंक खरीदें. ओरिजिनल चार्जिंग केबल और एक्सेसरीज़ ही यूज करें.
- बैग में ज्यादा सामान न रखें- पावर बैंक को बैग में कसकर या भारी सामान के नीचे न रखें.
- फ्लाइट में चार्जिंग न करें- ज्यादातर एयरलाइंस फ्लाइट में पावर बैंक से फोन या लैपटॉप चार्ज करने की इजाजत नहीं देतीं. नियम का पालन करें. इसके अलावा सिक्के, चाबी या अन्य धातु की चीजों के साथ पावर बैंक न रखें. इससे शॉर्ट सर्किट हो सकता है.
- Wh लिमिट चेक करें- उड़ान से पहले अपनी एयरलाइन की नियम देख लें. ज्यादातर एयरलाइंस 100Wh तक के पावर बैंक की अनुमति देते हैं. 27,000mAh तक का पावर बैंक आमतौर पर ठीक रहता है.
- ओवरहेड बिन में न रखें- पावर बैंक को ऊपर की डिब्बी में न रखें. अपनी सीट के पास या जेब में रखें जहां आप इसे देख सकें.
- जब इस्तेमाल न कर रहे हों तो केबल निकाल दें- पावर बैंक से सभी केबल और USB हटा दें जब इस्तेमाल न हो रहा हो.
- पावर बैंक को चार्जिंग के बाद हटा दें- मोबाइल फुल चार्ज होते ही पावर बैंक को तुरंत हटाना बेहतर है ताकि ओवरचार्जिंग के कारण आपका फोन खराब न हो और पावर बैंक भी हीट अप न करे.
- कोई समस्या दिखे तो तुरंत बताएं- अगर पावर बैंक गर्म हो, धुआं निकले या अजीब सी गंध आए तो तुरंत केबिन क्रू (फ्लाइट स्टाफ) को बताएं.
ये छोटे-छोटे टिप्स फॉलो करने से आप और बाकी यात्री सुरक्षित रहेंगे. यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन के नियम जरूर चेक कर लें.