Gmail यूजर्स के लिए बुरी खबर! फ्री स्टोरेज लिमिट घटाकर 5GB करने की तैयारी में Google

गूगल कथित तौर पर Gmail यूजर्स के लिए फ्री क्लाउड स्टोरेज लिमिट घटाने की तैयारी कर रहा है. अब तक कंपनी Gmail, गूगल Photos, Docs और दूसरे गूगल सेवाओं के लिए 15GB तक मुफ्त स्टोरेज देती रही है. लेकिन नई रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में नए यूजर्स के लिए यह लिमिट घटाकर सिर्फ 5GB की जा सकती है. यह बदलाव फिलहाल चुनिंदा देशों में टेस्ट किया जा रहा है, लेकिन आने वाले समय में इसे ज्यादा यूजर्स तक बढ़ाया जा सकता है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक गूगल ने एंड्रॉयड ऑथेरिटी को दिए बयान में इस टेस्टिंग की पुष्टि की है. कंपनी के सपोर्ट पेज पर भी भाषा में बदलाव देखा गया है.

पहले जहां ‘15GB storage’ लिखा जाता था, अब वहां ‘up to 15GB’ लिखा जा रहा है. इससे हिंट मिलते हैं कि स्टोरेज लिमिट अब सभी यूजर्स के लिए समान नहीं रह सकती. बताया जा रहा है कि गूगल फिलहाल अफ्रीकी देशों में इस नए मॉडल की टेस्टिंग कर रहा है.

क्या AI की वजह से घट रहा है स्टोरेज?
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि AI फीचर्स और क्लाउड सर्विसेज पर बढ़ते दबाव के कारण कंपनियां स्टोरेज को प्रीमियम फीचर बना रही हैं. हाल के महीनों में WhatsApp ने भी गूगल क्लाउड स्टोरेज को अपने बैकअप सिस्टम में शामिल किया है. इससे यूजर्स का स्टोरेज पहले से तेजी से भरने लगा है. ऐसे में माना जा रहा है कि AI बेस्ड सर्विस के बढ़ते इस्तेमाल का असर मुफ्त स्टोरेज मॉडल पर पड़ रहा है.

नए यूजर्स पर पड़ेगा ज्यादा असर
रिपोर्ट के मुताबिक जिन यूजर्स के पास पहले से जीमेल अकाउंट है, उन्हें फिलहाल इसका असर महसूस नहीं होगा. लेकिन नए अकाउंट बनाने वाले यूजर्स को सीमित स्टोरेज में काम चलाना पड़ सकता है.

अगर फ्री स्टोरेज जल्दी भर जाता है, तो यूजर्स को अतिरिक्त स्पेस के लिए गूगल One सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है.

गूगल क्यों कर सकता है ऐसा?
गूगल का मानना हो सकता है कि कई लोग अतिरिक्त फ्री स्टोरेज पाने के लिए कई Gmail अकाउंट बनाते हैं. ऐसे में कंपनी स्टोरेज लागत कम करने और प्रीमियम सब्सक्रिप्शन बढ़ाने के लिए यह कदम उठा सकती है. हालांकि कई यूजर्स का कहना है कि इतनी बड़ी टेक कंपनी के पास बेहतर समाधान मौजूद होने चाहिए.

अगर गूगल भविष्य में 5GB फ्री स्टोरेज मॉडल को व्यापक रूप से लागू करता है, तो ये Gmail यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है. खासकर उन लोगों के लिए जो गूगल Photos, Drive और Gmail पर भारी मात्रा में डेटा स्टोर करते हैं.