कॉल ड्रॉप से हो गए परेशान? TRAI ने दी यह काम करने की सलाह


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • TRAI ने कॉल ड्रॉप समस्या से निपटने MyCall ऐप लॉन्च की।
  • उपयोगकर्ता हर वॉइस कॉल को 1-5 स्टार रेट कर सकेंगे।
  • फीडबैक कंपनियों को नेटवर्क सुधारने, ऐप कवरेज जांचने में मदद।

Call Drop Issue: आप फोन पर किसी से बात कर रहे हैं और अचानक कॉल डिस्कनेक्ट हो जाती है. अगर बार-बार ऐसा होने लगे तो यह परेशानी का कारण बन सकता है. कई इलाकों में लोग कॉल ड्रॉप की समस्या से परेशान रहते हैं. इस कारण वो फोन पर किसी से पूरी बात नहीं कर पाते और आखिर में WhatsApp या किसी दूसरे ऐप के जरिए कॉल करते हैं. अगर आप इस समस्या से परेशान रहते हैं तो TRAI (टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया) एक समाधान लेकर आई हैं. TRAI ने अपनी MyCall ऐप के नए वर्जन को लॉन्च किया है, जिससे यूजर्स के लिए फोन कॉल को रिपोर्ट करना एकदम आसान हो गया है. रेगुलेटर ने कहा है कि यूजर्स को इस पर फीडबैक देना चाहिए, जिससे कंपनियों को कॉल क्वालिटी सुधारने में मदद मिलेगी. आइए विस्तार से जानते हैं कि कॉल ड्रॉप क्यों होती है और नई ऐप से यूजर्स को क्या फायदे होंगे.

कॉल ड्रॉप का क्या मतलब?

फोन पर बात करते समय अगर अचानक से कॉल डिस्कनेक्ट को हो जाए तो इसे कॉल ड्रॉप कहा जाता है. इसके पीछे नेटवर्क इश्यू, हार्डवेयर प्रॉब्लम और सॉफ्टवेयर बग्स जैसे कारण हो सकते हैं. लगातार कॉल ड्रॉप होने से फोन पर बात करना बहुत मुश्किल हो जाता है और इससे यूजर एक्सपीरियंस पर भी असर पड़ता है.

कॉल ड्रॉप होने के कारण


कॉल ड्रॉप से हो गए परेशान? TRAI ने दी यह काम करने की सलाह

नेटवर्क से जुड़ी दिक्कतें

  • कमजोर सिग्नल – कमजोर सिग्नल को कॉल ड्रॉप के सबसे बड़े कारणों में से एक माना जाता है. जब आप किसी कमजोर नेटवर्क कवरेज वाले इलाके में होते हैं तो यह समस्या ज्यादा आ सकती है. कई बार बिल्डिंग जैसी फिजिकल बैरियर के कारण भी फोन तक नेटवर्क सिग्नल नहीं पहुंच पाते हैं. 
  • नेटवर्क कंजेशन- किसी नेटवर्क पर ज्यादा ट्रैफिक होने से भी कॉल ड्रॉप होने लगती है. यानी जब एक साथ बड़ी मात्रा में यूजर एक ही नेटवर्क को एक्सेस करने की कोशिश करते हैं तो इससे कंजेशन हो सकता है और इससे कॉल कनेक्शन पर असर पड़ता है. इसके अलावा कई बार आपका फोन नजदीक की बजाय दूरी पर स्थित टावर से कनेक्टेड रहता है. इससे भी कॉल ड्रॉप की समस्या आती है. 
  • हैंडओवर फेल्योर- जब आप सफर करते समय फोन पर बात करते हैं तो मोबाइल डिवाइस को एक टावर से दूसरे टावर पर हैंडओवर किया जाता है. जब यह प्रोसेस फेल हो जाए तो कॉल ड्रॉप होती है.

डिवाइस से जुड़े इश्यू

  • हार्डवेयर प्रॉब्लम- कॉल ड्रॉप की सारी समस्या सिर्फ नेटवर्क से संबंधित नहीं है. अगर आपके फोन के एंटीना खराब हो गया है या नेटवर्क मॉड्यूल ठीक से काम नहीं करता तो आपको कॉल ड्रॉप का सामना करना पड़ सकता है.
  • सॉफ्टवेयर बग- अगर फोन के सॉफ्टवेयर में बग आ जाता है तो यह भी परेशानी खड़ी कर सकता है. 
  • बैटरी इश्यू- कम ही लोग जानते हैं, लेकिन बैटरी की कंडीशन भी फोन को कनेक्ट रखने में अहम भूमिका निभाती है. अगर बैटरी पुरानी और खराब हो गई है तो यह डिवाइस को पर्याप्त एनर्जी नहीं दे पाती, जिससे कॉल कनेक्शन स्टेबल नहीं होता.

TRAI ने उठाया यह कदम

TRAI ने अपनी MyCall ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है. इसकी मदद से यूजर हर वॉइस कॉल को 1-5 तक स्टार रेटिंग दे पाएंगे. कॉल एंड होने के बाद यह ऐप आपसे कॉल क्वालिटी के बारे में पूछेगी. अगर आपको कॉल के दौरान ड्रॉप, ईको, ऑडियो डीले, वॉइस ब्रेकिंग और आवाज न आने जैसा कोई इश्यू आता है तो आप इसे मेंशन कर सकते हैं. TRAI का कहना है कि इस फीडबैक को टेलीकॉम कंपनियों के साथ शेयर किया जाएगा ताकि उन्हें कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों की पहचान करने में मदद मिले और वो जरूरी कदम उठा सके.

MyCall ऐप में मिले ये फीचर्स


कॉल ड्रॉप से हो गए परेशान? TRAI ने दी यह काम करने की सलाह

कॉल रेटिंग के अलावा MyCall ऐप में कवरेज टेस्ट फीचर है. इसकी मदद से यूजर किसी इलाके में नेटवर्क सिग्नल की स्ट्रेंग्थ चेक कर सकते हैं. TRAI ने बताया कि यह ऐप कंज्यूमर फीडबैक को नेटवर्क इंफोर्मेशन के साथ मिलाकर एक्चुअल कॉलिंग एक्सपीरियंस की एक बेहतर पिक्चर पेश करती है, जिससे इश्यू को आसानी से समझा जा सकता है. एंड्रॉयड यूजर गूगल प्ले स्टोर से इस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं. ध्यान रहे कि यह कंप्लेंट प्लेटफॉर्म नहीं है. इसे टेलीकॉम नेटवर्क्स पर यूजर्स के फीडबैक को कलेक्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है.

ये भी पढ़ें- iPhone Ultra vs Galaxy Z Fold 8: किस फोल्डेबल में ज्यादा दम?



Source link

0Shares