Meta Business Agent: मेटा के मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने भारत में Meta Business Agent का ऐलान किया है. यह एक एआई पावर्ड टूल है, जो ग्राहकों के साथ बातचीत और ऑपरेशन मैनेज करने में बिजनेसेस की मदद कर सकता है. मेटा बिजनेस एजेंट को इस तरह से डिजाइन किया गया है ताकि बिजनेसेस अपने ग्राहकों को फास्टर और पर्सनल एक्सपीरियंस प्रदान कर सके. कंपनी का कहना है कि मेटा बिजनेस एजेंट पहली ही बातचीत से अधिक प्रासंगिक और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकता है.
क्या है मेटा बिजनेस एजेंट की खासियत?
मेटा बिजनेस एजेंट ग्राहकों के साथ होने वाली पूरी बातचीत को हैंडल करेगा. यह बिजनेस से जुड़े सवालों के जवाब, कैटलॉग रिकमंडेशन, अपॉइंटमेंट बुक करना और सेल को पूरा करने में मदद करने समेत कई काम आसानी से कर सकता है. इसके अलावा यह बिजनेस ऑनर के लिए एक पार्टनर के तौर पर भी काम कर सकता है. यह बिजनेस ऑनर को बातचीत की इनसाइट और समरी देने के साथ-साथ कस्टमर इंगेजमेंट को मॉनिटर और डेली ऑपरेशन को मैनेज करने में भी मदद करता है. इसके बारे में बताते हुए मेटा इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और कंट्री हेड अरुण श्रीनिवास ने कहा कि पूरी दुनिया में बातचीत के जरिए व्यापार करने के मामले में भारत सबसे तेजी से बढ़ता हुआ बाज़ार बन गया है. आज लोग और कंपनियां आपस में जुड़ने के लिए मैसेजिंग को सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं. अब जबकि एआई कंपनियों के काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल रहा है, तो मेटा बिजनेस एजेंट इस बदलाव में एक अगला बड़ा कदम है.
बड़े बिजनेस के लिए मेटा बिजनेस एजेंट प्लेटफॉर्म की शुरुआत
मेटा ने एक नया मेटा बिजनेस एजेंट प्लेटफॉर्म भी पेश किया है. यह ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो बड़े बिजनेसेस को एआई एजेंट डिप्लॉय करने के लिए जरूरी होता है. यह बिजनेसेस को मौजूदा बिजनेस सिस्टम जैसे शॉपिफाई, जेनडेस्क और शॉपी से जुड़ने के साथ-साथ एआई-पावर्ड एजेंट बनाने और उन्हें कस्टमाइज़ करने की सुविधा देता है.
व्हाट्सऐप पर बिजनेस डिस्कवरी होगी आसान
व्हाट्सऐप लोगों के लिए मेटा बिजनेस एजेंट द्वारा चलाए जा रहे बिजनेस को खोजना भी आसान बना रहा है. जल्द ही लोग सीधे व्हाट्सऐप सर्च में ही नाम डालकर किसी भी बिजनेस को सर्च करे सकेंगे. साथ ही उन्हें अपने दोस्तों और परिवार के साथ बिजनेस कॉन्टैक्ट्स शेयर करने का भी ऑप्शन मिलेगा, जिससे भरोसेमंद बिजनेसेस से जुड़ना आसान हो जाएगा.