नई दिल्ली. रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों के लिए एक नया और किफायती मनोरंजन प्लान पेश किया है. कंपनी ने मात्र 55 रुपये में JioTV Pro Pack लॉन्च किया है, जिसकी वैधता 30 दिनों की होगी. इस पैक के जरिए यूजर्स अपने मोबाइल फोन पर JioTV ऐप के माध्यम से 1000 से अधिक लाइव टीवी चैनलों का आनंद ले सकेंगे. इस नए प्लान में 16 से अधिक भाषाओं के चैनल शामिल किए गए हैं, जिनमें 150 से अधिक प्रीमियम चैनल भी उपलब्ध होंगे. दर्शकों को मनोरंजन, फिल्में, समाचार, बच्चों के कार्यक्रम, लाइफस्टाइल और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं के कंटेंट देखने को मिलेंगे.
इस पैक में StarPlus HD, Colors HD, Sony Entertainment Television HD, Sony SAB HD, Discovery, Animal Planet, Sun TV Network, ETV समेत देश के प्रमुख ब्रॉडकास्टर्स के कई लोकप्रिय चैनल शामिल हैं. हालांकि, JioStar और Sony के स्पोर्ट्स चैनल इस पैक का हिस्सा नहीं होंगे. इस सेवा का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को केवल 55 रुपये का रिचार्ज करना होगा. इसके बाद JioTV ऐप में अपने जियो नंबर से लॉग-इन करते ही सभी उपलब्ध प्रीमियम चैनल स्वतः सक्रिय हो जाएंगे. इसके लिए अलग से किसी एक्टिवेशन की जरूरत नहीं होगी.
जियो ने नया टीवी प्लान लॉन्च किया है.
सिर्फ एंटरटेनमेंट का होगा पैक
यह एक एंटरटेनमेंट-ओनली पैक है. इसमें वॉयस कॉल या एसएमएस जैसी सुविधाएं शामिल नहीं हैं. इस सेवा का उपयोग करने के लिए ग्राहकों के पास सक्रिय जियो प्रीपेड या पोस्टपेड कनेक्शन होना जरूरी है. यह पैक एक समय में केवल एक मोबाइल डिवाइस पर JioTV ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकेगा. इसका मतलब है कि भले ही आपके परिवार में एक से ज्यादा जियो सिम उपलब्ध हैं, लेकिन एक समय में सिर्फ एक ही डिवाइस पर इसका लाभ लिया जा सकेगा.
कहां से कर सकेंगे रिचार्ज
जियो का यह नया 55 रुपये वाला JioTV Pro Pack ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से रिचार्ज के लिए उपलब्ध है. कंपनी का कहना है कि अब दर्शक अपने पसंदीदा टीवी सीरियल, ताजा समाचार, बच्चों के कार्टून और क्षेत्रीय भाषा के कार्यक्रमों का आनंद बेहद किफायती कीमत पर उठा सकेंगे. हालांकि, इसके लिए जरूरी होगा कि आपके मोबाइल पर पहले से ही प्रीपेड अथवा पोस्टपेड कनेक्शन उपलब्ध हो.