रेडमी आने वाले समय में बड़ा डिस्प्ले पसंद करने वाले यूजर्स के लिए नया स्मार्टफोन लॉन्च कर सकती है. एक नई लीक के मुताबिक, कंपनी 7 इंच डिस्प्ले वाले परफॉर्मेंस-फोकस्ड स्मार्टफोन पर काम कर रही है. अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो यह Redmi के अब तक के सबसे बड़े डिस्प्ले वाले फोन में से एक होगा.
चीनी टिप्स्टर Digital Chat Station के मुताबिक, Redmi फिलहाल दो नए स्मार्टफोन्स की टेस्टिंग कर रही है. इनमें से एक फोन 6.59 इंच डिस्प्ले के साथ मिड-रेंज Pro सेगमेंट के लिए हो सकता है. वहीं दूसरा मॉडल करीब 7 इंच की बड़ी स्क्रीन के साथ आ सकता है और इसे हाई-परफॉर्मेंस चाहने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.
हालांकि टिप्स्टर ने Redmi का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है, लेकिन उनकी पिछली कई लीक Redmi डिवाइसेज से जुड़ी रही हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि यह जानकारी Xiaomi के सब-ब्रांड Redmi से ही संबंधित है.
इससे पहले भी कई रिपोर्ट्स में Redmi के बड़े डिस्प्ले वाले स्मार्टफोन की चर्चा हो चुकी है. फरवरी में इसी टिप्स्टर ने दावा किया था कि दो स्मार्टफोन कंपनियां 7 इंच स्क्रीन वाले फोन पर काम कर रही हैं. इसके बाद अप्रैल में एक और लीक में बताया गया था कि Redmi 7 इंच डिस्प्ले और 10,000mAh बैटरी वाले स्मार्टफोन की टेस्टिंग कर रही है.
बाद की रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया कि फोन में 2K रेजोलूशन डिस्प्ले और हाई रिफ्रेश रेट मिल सकता है. कुछ रिपोर्ट्स ने इसे Redmi K100 सीरीज का हिस्सा भी बताया था.
Honor भी लाएगा बड़े साइज़ का फोन?
पता चला है कि रेडमी के अलावा Honor भी 7 इंच डिस्प्ले वाले स्मार्टफोन पर काम कर रही है. फिलहाल बाजार में ज्यादातर फ्लैगशिप स्मार्टफोन 6.9 इंच या उससे छोटे डिस्प्ले के साथ आते हैं. अगर ये लीक सही साबित होती हैं, तो 2026 में 7 इंच या उससे बड़े डिस्प्ले वाले स्मार्टफोन्स का ट्रेंड देखने को मिल सकता है.
फिलहाल रेडमी की ओर से इस स्मार्टफोन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में इन सभी जानकारियों को फिलहाल लीक के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.