मोबाइल पर आने वाले इमरजेंसी अलर्ट अचानक बंद, जानिए क्या था यह सिस्टम और क्यों हुआ बंद

देश में आपदा और इमरजेंसी की जानकारी लोगों तक जल्दी पहुंचाने के लिए शुरू की गई Cell Broadcast Service (CBS) को फिलहाल बंद कर दिया गया है. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया है. इसका मतलब है कि अभी कुछ समय के लिए मोबाइल फोन पर आने वाले खास इमरजेंसी अलर्ट नहीं मिलेंगे.

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के मुताबिक, NDMA ने सभी राज्यों को पत्र भेजकर Cell Broadcast System को अगले आदेश तक रोकने के लिए कहा है. हालांकि, इस सेवा को बंद करने की वजह अभी नहीं बताई गई है. अधिकारियों का कहना है कि यह अस्थायी कदम है और उम्मीद है कि सेवा जल्द दोबारा शुरू होगी.

क्या है Cell Broadcast Service?
सेल ब्रॉडकास्ट सर्विस एक खास तकनीक है, जिसकी मदद से किसी इलाके में मौजूद लाखों मोबाइल यूजर्स को एक साथ चेतावनी संदेश भेजा जा सकता है. इसका इस्तेमाल बाढ़, भूकंप, चक्रवात, भारी बारिश या किसी दूसरे इमरजेंसी स्थिति में लोगों को तुरंत जानकारी देने के लिए किया जाता है.

इस सिस्टम की खास बात यह है कि यह सामान्य SMS या इंटरनेट पर निर्भर नहीं रहता. नेटवर्क पर ज्यादा दबाव होने के बावजूद यह लोगों तक अलर्ट पहुंचा सकता है. अलर्ट मोबाइल स्क्रीन पर पॉप-अप के रूप में दिखाई देता है और कई फोन में तेज आवाज के साथ भी आता है.