Last Updated:
क्या आपका AC भी इस चिलचिलाती गर्मी में आपको परेशान कर रहा है? सब कुछ सही दिखने के बाद भी कमरा ठंडा क्यों नहीं कर पा रहा? सच तो ये है कि कुछ गलतियों और तकनीकी खराबी के बारे में आम लोग नहीं जानते, मगर वही चीजें AC की कूलिंग को पूरी तरह चोक कर देती हैं. फिल्टर की सफाई से लेकर गैस लीकेज और कंप्रेसर की दिक्कतों को आप समझ गए तो फालतू पैसे खर्च किए बिना आप अपने कमरे को फिर से शिमला बना सकेंगे.
गर्मी का सीजन शुरू हो चुका है और दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पारा 41 पार पहुंच चुका है. बीच-बीच में बारिश हो जाने से कुछ राहत मिलती है, लेकिन उमस तो जान ही निकाल लेती है. ऐसे में एसी चलाना जरूरी हो जाता है. जिन घरों में एयर कंडीशनर लगे हैं, उन घरों में इन्हें चलाना भी शुरू कर दिया गया है. लेकिन एक बड़ी समस्या है कूलिंग का न होना. यदि आपका एसी भी ऐसी सी समस्या पैदा कर रहा है तो आपको कुछ जरूरी बातें जान लेनी चाहिए.
कई बार लगता है कि AC खराब हो गया है और लोग बिना सोचे-समझे मैकेनिक को फोन घुमा देते हैं, जिससे जेब पर भारी असर पड़ता है. लेकिन रुकिए, मैकेनिक को बुलाने से पहले आपको यह समझना होगा कि ऐसी कौन-सी चीजें हैं जो आपके AC की ठंडी हवा को रोक रही हैं, क्योंकि कई बार समस्या बहुत छोटी होती है जिसे आप खुद ठीक कर सकते हैं.
AC के कम कूलिंग करने की सबसे आम और सबसे पहली वजह होती है इनडोर यूनिट में लगा गंदा एयर फिल्टर. जब AC लगातार चलता है, तो कमरे की हवा के साथ धूल और मिट्टी भी इसके फिल्टर पर जमा होने लगती है. धीरे-धीरे यह धूल इतनी मोटी परत बना लेती है कि हवा का बहाव यानी एयरफ्लो पूरी तरह से रुक जाता है. जब ठंडी हवा बाहर ही नहीं निकल पाएगी, तो कमरा ठंडा कैसे होगा? इसलिए यह बेहद जरूरी है कि आप हर दो हफ्ते में एक बार AC का फ्रंट पैनल खोलकर फिल्टर को बाहर निकालें और उसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. साफ फिल्टर न सिर्फ कूलिंग को दमदार बनाता है बल्कि आपके घर की हवा को भी साफ रखता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर फिल्टर साफ है फिर भी हवा ठंडी नहीं आ रही, तो इसका सीधा संबंध रेफ्रिजरेंट (कूलिंग गैस) से हो सकता है. AC के अंदर बहने वाली यह गैस ही कमरे की गर्मी को सोखकर उसे ठंडा बनाती है. अगर पाइपलाइन में कहीं भी छोटा सा कट या लीकेज हो जाए, तो गैस धीरे-धीरे कम होने लगती है जिससे कूलिंग पूरी तरह बंद हो जाती है और कंप्रेसर पर लोड बढ़ने से बिजली का बिल भी आसमान छूने लगता है.
यदि यह भी सेट है, तो घर के बाहर लगी आउटडोर यूनिट पर भी ध्यान देना जरूरी है. अगर आउटडोर यूनिट के कंडेंसर कॉइल पर भारी धूल-मिट्टी जमी हुई है या वह किसी ऐसी बंद जगह पर है जहां सीधी धूप पड़ती है, तो वह कमरे की गर्मी को बाहर नहीं फेंक पाएगा. कॉइल की सफाई करवाकर और उसके आसपास हवा का रास्ता खुला रखकर इस समस्या से बचा जा सकता है.
कई बार AC में कोई समस्या नहीं होती, मगर फिर भी कूलिंग कम होती है या हो ही नहीं पाती. ऐसे में संभव है कि कमरा बहुत बड़ा है और वहां कम क्षमता वाला AC लगा रखा है. बड़े कमरे के लिए हमेशा डेढ़ या दो टन के AC की जरूरत होती है ताकि वह पूरी स्पेस को कवर कर सके. यदि आप बड़े कमरे में 1 टन का एसी लागएंगे तो समस्या बनी रहेगी. यदि कमरा बड़ा है तो आप गर्मियों के दौरान उसका पार्टिशन कर सकते हैं.
लोग अक्सर थर्मोस्टैट या टेम्परेचर सेटिंग में भी गलती करते हैं. अगर आपने रिमोट से तापमान को 26 या 28 डिग्री सेल्सियस पर सेट कर रखा है, तो बहुत ज्यादा गर्मी होने पर कमरा आपको कभी भी ठंडा महसूस नहीं होगा. बेहतर और आरामदायक कूलिंग के लिए हमेशा तापमान को 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच ही सेट करना चाहिए, जो सेहत और बिजली बिल दोनों के लिए एकदम सही है.
हम चाहे कितना भी अच्छा AC लगा लें, अगर कमरे की बनावट और हमारी आदतें सही नहीं हैं तो कूलिंग का असर कभी नहीं दिखेगा. अगर कमरे के दरवाजे या खिड़कियां बार-बार खुल रहे हैं या उनमें छोटे-छोटे गैप हैं, तो बाहर की गर्म हवा लगातार अंदर आती रहेगी और अंदर की ठंडी हवा बाहर निकल जाएगी. ऐसे में AC बिना रुके चलता रहेगा पर कमरा ठंडा नहीं होगा, इसलिए खिड़कियों के गैप को सील करना बहुत जरूरी है.
कभी-कभी समस्या थोड़ी गंभीर होती है जो सीधे AC कंप्रेसर से जुड़ी होती है. अगर AC चल रहा है, इनडोर यूनिट से हवा भी आ रही है लेकिन वह हवा बिल्कुल नॉर्मल पंखे जैसी है, तो समझ जाइए कि कंप्रेसर चालू नहीं हुआ है. जब कंप्रेसर या फैन मोटर में कोई तकनीकी खराबी आती है, तो वह ठंडी हवा बनाना बंद कर देता है. इसके पीछे एक बड़ी वजह वोल्टेज की कमी भी हो सकती है. अगर आपके इलाके में बिजली का वोल्टेज बहुत कम आ रहा है, तो कंप्रेसर को स्टार्ट होने के लिए पूरी पावर नहीं मिलती और वह ट्रिप कर जाता है. इस स्थिति में आपको अपने घर का मुख्य स्टेबलाइज़र चेक करना चाहिए, ताकि AC को सही वोल्टेज मिल सके.
जब भी AC कूलिंग कम करे, तो तुरंत खुद कुछ बेसिक चीजें चेक करें जैसे कि एयर फिल्टर साफ है या नहीं, कमरे के दरवाजे और खिड़कियां ठीक से लॉक हैं या नहीं, रिमोट पर टेम्परेचर सेटिंग सही मोड पर है या नहीं, और बाहर रखी आउटडोर यूनिट के सामने कोई रुकावट तो नहीं है. ये सब आप खुद मिनटों में देख सकते हैं. लेकिन अगर समस्या गैस लीक होने की है, कंप्रेसर बिल्कुल काम नहीं कर रहा, कॉइल पूरी तरह चोक हो चुके हैं या फिर वायरिंग और वोल्टेज में कोई बड़ी गड़बड़ी है, तो तुरंत एक प्रोफेशनल टेक्नीशियन को बुलाएं, ताकि आपका AC बिना किसी बड़े नुकसान के जल्द से जल्द ठीक हो सके.