गुरुग्राम हत्या कांड: 18.5 साल के आरोपी सौम्य जैन गिरफ्तार, गमछे से गला घोंटकर की थी युवक अमन की हत्या

हरियाणा के गुरुग्राम में 30 वर्षीय युवक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने दिल्ली के नांगलोई इलाके से एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। अमन की 16 मई की रात को गमछा से गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने शव की पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर मारकर कुचल दिया था।

डेडबॉडी को सेक्टर-71 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल बिल्डिंग व यूनिटेक बिल्डिंग के बीच रास्ते के पास लोहे के खाली बिजली पोल के अंदर छिपा दिया था।

आरोपी की पहचान सौम्य जैन (उम्र-18.5 वर्ष) निवासी गढ़ी हरसरू के रूप में हुई है। पुलिस उसे नांगलोई से पकड़कर लाई है। पूछताछ में पता चला कि मृतक अमन का आरोपी व उसके साथियों के साथ लड़ाई-झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश को लेकर आरोपी ने अपने साथी रवि बघेल व अन्य के साथ मिलकर मृतक अमन के साथ मारपीट की तथा गमछा से गला दबाकर हत्या कर दी।

गुरुग्राम में युवक की हत्या के मामले में अरेस्ट किया गया आरोपी सौम्स जैन।
गुरुग्राम में युवक की हत्या के मामले में अरेस्ट किया गया आरोपी सौम्स जैन।

बिजली के पोल के होल में मिला था शव

17 मई को बादशाहपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजली के पोल के होल में एक युवक का शव मिला है। पुलिस टीम द्वारा मौके को सुरक्षित करते हुए फिंगरप्रिंट टीम, क्राइम टीम व डॉग स्क्वायड से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। बाद में युवक की पहचान अमन निवासी गढ़ी हरसरू के रूप में की गई।

16 मई को दोस्तों के साथ घर से निकला था

मृतक के परिजनों ने शिकायत में बताया था कि 16 मई को वह अपने दोस्तों के साथ घर से गया था। बाद में उसके दोस्तों द्वारा फोन करके बताया गया कि अमन को कुछ व्यक्तियों ने चोट पहुंचाई है। अगले दिन पुलिस ने उसकी हत्या होने की जानकारी दी थी। इस संबंध में पिता ने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके लड़के की गला घोंटकर व सिर पर पत्थरों से वार करके हत्या करने की एफआईआर दर्ज करवाई थी।

आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिस

पुलिस कमिश्नरेट पीआरओ टीम के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि इस केस में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आरोपी रवि बघेल निवासी गढ़ी हरसरू को 21 मई को पकड़ा गया था। आरोपी को आज कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।