टेक कंपनी डेल एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि कंपनी ने अपने लैपटॉप पोर्टफोलियो को और मजबूत करते हुए दो बिल्कुल अलग कैटेगरी के डिवाइस पेश किए हैं. एक तरफ नया Alienware 15 है, जिसे खासतौर पर गेमर्स के लिए बनाया गया है, वहीं दूसरी तरफ Dell 14S और Dell 16S जैसे AI-पावर्ड लैपटॉप हैं, जो स्टूडेंट्स, क्रिएटर्स और प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं.
सबसे पहले बात करें Alienware 15 की, तो ये लैपटॉप उन गेमर्स के लिए लाया गया है जो प्रीमियम गेमिंग एक्सपीरिएंस चाहते हैं लेकिन बहुत ज्यादा महंगा सिस्टम नहीं खरीदना चाहते. एलियनवेयर सीरीज आमतौर पर काफी महंगी होती है, लेकिन इस नए मॉडल के जरिए कंपनी इसे थोड़ा ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहती है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 1.24 लाख रुपये (ग्लोबल प्राइस के हिसाब से) रखी गई है, जो इसे पहले के मुकाबले थोड़ा किफायती बनाती है.
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें AMD और Intel दोनों के प्रोसेसर ऑप्शन मिलते हैं, जैसे AMD Ryzen 7 और Intel Core 7. ग्राफिक्स के लिए इसमें Nvidia RTX 4050, 5050 और 5060 GPU का सपोर्ट दिया गया है, जो गेमिंग के लिए काफी दमदार माना जाता है. लैपटॉप में 15.3 इंच का डिस्प्ले मिलता है, जिसमें 165Hz रिफ्रेश रेट है, जिससे गेमिंग स्मूद रहती है. डिजाइन भी पहले के मुकाबले ज्यादा क्लीन और स्लिम किया गया है.
अब बात करें Dell 14S और Dell 16S की, तो ये दोनों लैपटॉप पूरी तरह अलग कैटेगरी के हैं. ये AI-पावर्ड प्रोडक्टिविटी लैपटॉप हैं, जिनमें परफॉर्मेंस और पोर्टेबिलिटी का अच्छा बैलेंस मिलता है.
इनमें Intel Core Ultra सीरीज़ प्रोसेसर दिया गया है, जो AI टास्क को बेहतर तरीके से हैंडल करने के लिए बनाया गया है. साथ ही AMD Ryzen AI प्रोसेसर का ऑप्शन भी मिलता है.
इन लैपटॉप्स की खास बात इनकी बैटरी लाइफ है. डेल के मुताबिक, 14S मॉडल लगभग 24 घंटे तक काम कर सकता है, जबकि 16S में भी लंबी बैटरी बैकअप मिलती है. डिजाइन की बात करें तो ये काफी पतले और हल्के हैं, जिससे इन्हें कैरी करना आसान हो जाता है.
डिस्प्ले ऑप्शन भी काफी एडवांस हैं, जिनमें OLED स्क्रीन, Dolby Vision और हाई कलर एक्युरेसी मिलती है. इसके अलावा Dolby Atmos स्पीकर्स के साथ बेहतर ऑडियो एक्सपीरिएंस भी दिया गया है.
कितनी है कीमतें
अगर कीमत की बात करें तो Dell 14S की शुरुआती कीमत लगभग 1.21 लाख रुपये है, जबकि Dell 16S करीब 1.31 लाख रुपये से शुरू होता है. हालांकि भारत में इनकी लॉन्च डेट और कीमत अभी सामने नहीं आई है.
अगर आप गेमिंग के लिए लैपटॉप लेना चाहते हैं तो Alienware 15 एक शानदार ऑप्शन है. वहीं, अगर आप काम, पढ़ाई या कंटेंट क्रिएशन के लिए लैपटॉप ढूंढ रहे हैं, तो Dell 14S और 16S ज्यादा बेहतर ऑप्शन साबित हो सकते हैं.