- यह खोज लिथियम-आयन बैटरियों का व्यवहार्य विकल्प बन सकती है।
Lithium Vs Aluminium Battery: बिजली स्टोरेज की दुनिया में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. भारतीय वैज्ञानिकों ने एक ऐसा नया मटेरियल विकसित किया है जो एल्यूमिनियम-आयन बैटरियों को पहले से ज्यादा सुरक्षित, सस्ता और टिकाऊ बना सकता है. यह खोज भविष्य में लिथियम-आयन बैटरियों पर निर्भरता कम करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.
क्यों बढ़ रही है एल्यूमिनियम बैटरियों की चर्चा
दुनिया भर में एल्यूमिनियम आधारित बैटरियों को लेकर रुचि तेजी से बढ़ रही है. इसकी वजह यह है कि एल्यूमिनियम पृथ्वी पर आसानी से मिलने वाला और कम लागत वाला धातु है. इतना ही नहीं, इसमें ऊर्जा स्टोर करने की क्षमता भी काफी अच्छी मानी जाती है. यही कारण है कि इसे भविष्य की बैटरी टेक्नोलॉजी के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि, अब तक इसे व्यावहारिक रूप से इस्तेमाल करना आसान नहीं रहा है.
बैटरियों की सबसे बड़ी समस्या क्या थी
अब तक एल्यूमिनियम बैटरियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी कम स्थिरता रही है. चार्जिंग और डिस्चार्जिंग के दौरान बैटरी के अंदर मौजूद मटेरियल जल्दी खराब होने लगता है. समय के साथ इसमें दरारें आ जाती हैं या यह बैटरी के तरल हिस्से में घुलने लगता है जिससे बैटरी की क्षमता तेजी से घट जाती है और उसका प्रदर्शन कमजोर हो जाता है.
नए मटेरियल ने कैसे बदली तस्वीर
इस समस्या को हल करने के लिए वैज्ञानिकों की एक टीम ने खास तरह का कंपोजिट इलेक्ट्रोड तैयार किया है. इसमें वैनाडियम ऑक्साइड को MXene नाम के एक बहुत पतले और बिजली का अच्छा संचालन करने वाले मटेरियल के साथ जोड़ा गया है. MXene एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम की तरह काम करता है जो वैनाडियम ऑक्साइड को अपनी जगह पर स्थिर बनाए रखता है.
इस नई तकनीक के कारण बैटरी के अंदर मटेरियल के घुलने की समस्या काफी हद तक कम हो गई है. रिपोर्ट के अनुसार, यह घुलनशीलता लगभग 80 प्रतिशत तक घटाई जा सकी है जिससे बैटरी की उम्र और स्थिरता दोनों में सुधार हुआ है.
प्रदर्शन में भी आया बड़ा सुधार
इस नए डिजाइन के साथ बैटरी लंबे समय तक बेहतर तरीके से काम कर पाई. परीक्षण में देखा गया कि कई चार्जिंग साइकिल के बाद भी बैटरी ने अपनी क्षमता का अच्छा हिस्सा बनाए रखा. इससे यह साफ संकेत मिलता है कि यह तकनीक लंबे समय तक चलने वाली बैटरियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है.
बिजली स्टोरेज का बदलता भविष्य
तेल और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर बढ़ती निर्भरता के बीच अब दुनिया नए विकल्प तलाश रही है. ऐसे में एल्यूमिनियम-आयन बैटरियां एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही हैं. वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले समय में यह तकनीक लिथियम-आयन बैटरियों का प्रभावी विकल्प बन सकती है. यह नई खोज न सिर्फ बैटरियों को ज्यादा सुरक्षित और सस्ता बना सकती है बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी एक बेहतर समाधान पेश करती है.
यह भी पढ़ें: आपकी आवाज भी अब सुरक्षित नहीं! AI चुरा सकता है आपकी पहचान, पलभर में बना देगा आपकी हूबहू कॉपी