- टिम बर्नर्स-ली ने 1991 में दुनिया की पहली वेबसाइट बनाई।
- प्रारंभिक वेबसाइट वेब, हाइपरटेक्स्ट बनाने की जानकारी देती थी।
- बर्नर्स-ली ने 1989 में सूचना प्रबंधन प्रणाली का प्रस्ताव दिया।
- CERN ने 2013 में गायब वेबसाइट को फिर से बहाल किया।
World’s First Website: आज इंटरनेट पर वेबसाइट की भरमार है. हर कंपनी, यूनिवर्सिटी, एयरलाइन, सरकारी विभाग और यहां तक लोग खुद अपनी पर्सनल वेबसाइट यूज कर रहे हैं, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं था. वेबसाइट का सफर कुछ साल पहले ही शुरू हुआ था. 6 अगस्त 1991 को दुनिया की पहली वेबसाइट सामने आई थी. आज वेबसाइट का पूरा स्वरूप बदल चुका है और अब फोटो, वीडियो और दूसरे तरह के कंटेट का यूज होने लगा है, लेकिन पहली वेबसाइट ऐसी नहीं थी. इसका पूरा कंटेट टेक्स्ट में था और आज के हिसाब से यह एकदम साधारण वेबसाइट थी.
किसने बनाई थी पहली वेबसाइट?
ब्रिटिश कंप्यूटर साइंटिस्ट Tim Berners-Lee ने दुनिया की पहली वेबसाइट बनाई थी और इसका नाम info.cern.ch रखा. इसे यूरोपीय ऑर्गेनाइजेशन फॉर न्यूक्लियर रिसर्च CERN में लॉन्च किया गया था और इस पर वर्ल्ड वाइड वेब प्रोजेक्ट की जानकारी थी. इस वेबसाइट पर वेब पेज क्रिएट करने और हाइपरटेक्स्ट के बारे में जानकारी दी गई थी. कुछ ही समय बाद आर्काइव न करने के कारण यह वेबसाइट गायब हो गई थी. बाद में 2013 में CERN ने इस वेबसाइट को रिस्टोर करने का प्रोजेक्ट शुरू किया और यह वेबसाइट आज लाइव है.
1989 में शुरू हुआ था सफर
1991 में दुनिया की पहली वेबसाइट लाइव हो गई थी, लेकिन इसका सफर दो साल पहले शुरू हो गया था. दरअसल, उस समय अलग-अलग डिवाइस के बीच इंफोर्मेशन शेयर करने का कोई तरीका नहीं था. इस प्रॉब्लम को सुलझाने के लिए 1989 में Berners-Lee ने अपने मैनेजर के सामने एक आइडिया रखा. उन्होंने कहा कि वो एक इंफोर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम बनाना चाहते हैं, जो हाइपरटेक्स्ट की मदद से इंटरनेट से कनेक्टेड कंप्यूटर पर डॉक्यूमेंट को कनेक्ट करेगा. शुरुआत में उनके मैनेजर से इस आइडिया को रिजेक्ट कर दिया. इसी साल Berners-Lee नए आइडिया के साथ फिर अपने मैनेजर के पास पहुंचे और उन्हें हरी झंडी मिल गई. दो साल बाद 1991 में यह प्रोजेक्ट तैयार था. Lee ने वेबसाइट बनाने के लिए जरूरी HTML, HTTP और URLs आदि को तैयार कर लिया था और यह पूरा काम स्टीव जॉब्स के तैयार किए हुए NeXT कंप्यूटर पर हुआ.
आज किस हालत में है यह वेबसाइट?
दुनिया की पहली वेबसाइट आज भी लाइव है. अगर आप गूगल पर info.cern.ch सर्च करते हैं तो आपको चार ऑप्शन दिखेंगे. पहले ऑप्शन पर क्लिक कर आप दुनिया की पहली वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं. इसी पेज पर आपको वेब की शुरुआत के बारे में भी जानकारी मिल जाएगी.
ये भी पढ़ें-
NEET (UG) 2026 Re-Exam से पहले Telegram बैन, जानिए कैसे होता है पेपर लीक में इसका यूज